Home छत्तीसगढ़ धान खरीदी की तैयारियों को लेकर कलेक्टर ने ली समीक्षा बैठक, बिचौलियों...

धान खरीदी की तैयारियों को लेकर कलेक्टर ने ली समीक्षा बैठक, बिचौलियों पर सख्ती के निर्देश

32
0

 

धान रिसाइक्लिंग, अवैध आवक और भंडारण पर रहेगी कड़ी निगरानी, उपार्जन केंद्रों में व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश

ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया

थान खम्हरिया, । जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को सुचारू, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में प्रशिक्षण-सह-समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को बिचौलियों की गतिविधियों, धान रिसाइक्लिंग और जिले के बाहर से होने वाली अवैध धान की आवक पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अपर कलेक्टर अनिल सिन्हा सहित राजस्व, खाद्य, कृषि, सहकारिता विभाग, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक और मार्कफेड के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके अलावा जिले की सभी सहकारी समितियों के प्रबंधक और कंप्यूटर ऑपरेटर भी शामिल हुए।

कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शासन की महत्वपूर्ण प्राथमिकता है। इसलिए पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुरूप पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न होनी चाहिए। उन्होंने धान रिसाइक्लिंग की किसी भी संभावना को रोकने तथा अवैध भंडारण और बाहर से आने वाले धान की निगरानी के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उपार्जन केंद्रों में जरूरी सुविधाएं अनिवार्य

कलेक्टर ने निर्देशित किया कि धान खरीदी शुरू होने से पहले सभी उपार्जन केंद्रों में बारदाना, इलेक्ट्रॉनिक कांटा-बांट, नमी मापक यंत्र, कंप्यूटर, इंटरनेट कनेक्टिविटी और बिजली की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही किसानों के लिए पेयजल, बैठने की सुविधा, छायादार स्थान और धान के सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था भी अनिवार्य रूप से पूरी कर ली जाए।

पंजीयन और ऑनलाइन प्रविष्टि में बरतें सावधानी

बैठक में समिति प्रबंधकों और कंप्यूटर ऑपरेटरों को पंजीकृत किसानों की जानकारी, धान की तौल और ऑनलाइन प्रविष्टि सहित सभी कार्य पूरी सावधानी से करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि खरीदी प्रक्रिया में निर्धारित नियमों का पालन किया जाए और किसी भी पात्र किसान को उपार्जन केंद्र पर अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

अनियमितता मिलने पर तत्काल कार्रवाई

कलेक्टर ने अधिकारियों को धान खरीदी के दौरान बिचौलियों की गतिविधियों, संभावित अनियमितताओं और धान रिसाइक्लिंग पर प्रभावी नियंत्रण रखने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर तत्काल जांच और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए धान खरीदी की प्रक्रिया को सफल, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराएं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here