वार्ड 4, 5, 6 तथा वार्ड 14 और 15 के लिए अलग-अलग दुकानों का होगा संचालन
ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया
थान खम्हरिया, । नगर पंचायत थान खम्हरिया के नागरिकों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन उपलब्ध कराने की सुविधा बेहतर बनाने के उद्देश्य से दो नई शासकीय उचित मूल्य की दुकानें खोली जाएंगी। इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) साजा द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर पात्र संस्थाओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
जारी विज्ञप्ति के अनुसार, पहली उचित मूल्य की दुकान वार्ड क्रमांक 04, 05 एवं 06 के लिए तथा दूसरी दुकान वार्ड क्रमांक 14 एवं 15 के लिए खोली जाएगी। दोनों दुकानों के संचालन के लिए पात्र संस्थाओं को अलग-अलग आवेदन प्रस्तुत करना होगा।
इन संस्थाओं को मिलेगा आवेदन का अवसर
उचित मूल्य की दुकानों के संचालन के लिए वृहत्ताकार आदिम जाति बहुउद्देशीय सेवा सहकारी समिति (लैम्पस), ग्राम पंचायत, महिला स्व-सहायता समूह, प्राथमिक कृषि साख समिति, सहकारी समितियां, शासन द्वारा विनिर्दिष्ट उपक्रम तथा वन सुरक्षा समितियां आवेदन कर सकती हैं।
तीन माह पुराना पंजीयन अनिवार्य
आवेदन करने वाली संस्था का आवेदन की तिथि से कम से कम तीन माह पूर्व पंजीकृत होना और कार्यरत रहना अनिवार्य है। इसके साथ ही संस्था को सामाजिक एवं आर्थिक क्षेत्र में कार्य करने का अनुभव भी होना चाहिए।
इच्छुक पात्र संस्थाएं निर्धारित प्रारूप (परिशिष्ट-एक) में अपना आवेदन अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय, साजा में जमा कर सकती हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 12 नवंबर 2026 को शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है। निर्धारित समय सीमा के बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
पात्र संस्थाओं से निर्धारित समयावधि में आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की गई है, ताकि नियमानुसार उचित मूल्य की दुकानों के संचालन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके।




