सरस्वती शिशु मंदिर खम्हरिया, ज्ञानदीप पब्लिक स्कूल गातापार और समर्थ पब्लिक स्कूल खाती में यातायात पुलिस ने आयोजित किया प्रशिक्षण कार्यक्रम
ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया
थान खमरिया। बेमेतरा पुलिस द्वारा पुलिस अधीक्षक श्री त्रिलोक बंसल (आईपीएस) के निर्देशन में जिलेभर में सामुदायिक पुलिसिंग के तहत जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत आम नागरिकों के साथ स्कूली बच्चों को भी यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में बेमेतरा यातायात पुलिस टीम द्वारा सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खम्हरिया, ज्ञानदीप पब्लिक स्कूल गातापार एवं समर्थ पब्लिक स्कूल खाती में सड़क सुरक्षा के महत्वपूर्ण नियमों के संबंध में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को जागरूक किया गया।

पुलिस अधीक्षक श्री त्रिलोक बंसल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव, एसडीओपी बेमेतरा श्री भूषण एक्का, एसडीओपी बेरला श्रीमती रुचि वर्मा एवं डीएसपी श्रीमती शशिकला उईके के मार्गदर्शन में जिले में ‘हमर पुलिस हमर बाजार’ एवं ‘हमर पुलिस हमर गांव’ अभियान के माध्यम से लगातार जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इन अभियानों का उद्देश्य आम नागरिकों, विशेषकर विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी देकर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और सुरक्षित यातायात के प्रति जिम्मेदारी विकसित करना है।
यातायात नियमों के पालन की दी जानकारी
प्रशिक्षण कार्यक्रम में विद्यार्थियों को जेब्रा क्रॉसिंग का सही उपयोग करने, ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने, सड़क पर निर्धारित लेन में चलने तथा वाहन मोड़ते समय इंडिकेटर का उपयोग करने के बारे में विस्तार से बताया गया। पुलिस टीम ने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने और बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन नहीं चलाने की समझाइश दी।
इसके साथ ही दोपहिया वाहन पर तीन सवारी नहीं बैठाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने तथा बीच सड़क पर वाहन खड़ा करने से बचने की जानकारी दी गई। पुलिसकर्मियों ने विद्यार्थियों को समझाया कि यातायात नियमों की अनदेखी से गंभीर सड़क दुर्घटनाएं हो सकती हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक को स्वयं नियमों का पालन करना चाहिए और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए।
स्कूलों और हाट-बाजारों में जारी रहेगा जागरूकता अभियान
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प लिया। बेमेतरा पुलिस द्वारा जिले के हाट-बाजारों, स्कूलों और कॉलेजों में निरंतर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक सड़क सुरक्षा का संदेश पहुंचाया जा सके। इस पहल के माध्यम से नागरिकों को यातायात नियमों एवं कानूनी प्रावधानों की जानकारी देकर सुरक्षित यातायात व्यवस्था को बढ़ावा दिया जा रहा है।
इस अवसर पर बेमेतरा यातायात प्रभारी रक्षित निरीक्षक प्रवीण खलखो, सहायक उपनिरीक्षक जहीर खान, प्रधान आरक्षक लोकेन्द्र पांडेय, आरक्षक पारसमणी साहू, राजेश राजपूत सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। वहीं संबंधित विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।




