नगर पंचायत ने लॉटरी पद्धति से किया दुकानों का आवंटन, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठे सवाल
ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया
थान खम्हरिया। दीपावली पर्व नजदीक आते ही नगर में उत्साह और रौनक बढ़ने लगी है। दीपावली पर आतिशबाजी की परंपरा को देखते हुए नगर के खेल मैदान में पटाखा बाजार सजकर तैयार हो गया है। यहां लगभग 37 पटाखा दुकानों का संचालन किया जा रहा है।
प्रशासन द्वारा सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए भीड़भाड़ वाले बाजार क्षेत्र के बजाय खुले खेल मैदान में पटाखा दुकानें लगाने की अनुमति दी गई है। इसका उद्देश्य आतिशबाजी के दौरान होने वाली संभावित दुर्घटनाओं से बचाव करना और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। नगर पंचायत द्वारा लॉटरी पद्धति से दुकानों का आवंटन किया गया है, ताकि दुकानदारों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत दुकानें मिल सकें।

प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि पटाखा दुकानदारों को निर्धारित सुरक्षा मानकों एवं दिशा-निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा। बिना अनुमति किसी को भी दुकान लगाने की छूट नहीं है।
हालांकि, खेल मैदान में पटाखा बाजार सजने के बाद भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। मौके पर देखने में आया है कि दुकानों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नजर नहीं आ रहे हैं। ऐसे में अग्निशमन व्यवस्था, पानी, रेत एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करना जरूरी है।
दीपावली के दौरान पटाखों की खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ती है। ऐसे में प्रशासन को चाहिए कि समय रहते सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं, ताकि नगरवासी सुरक्षित वातावरण में दीपावली की खुशियां मना सकें।




