रायपुर, दुर्ग एवं भिलाई पावर हाउस रेलवे स्टेशनों पर विशेष व्यवस्थाएं, अतिरिक्त आरपीएफ एवं वाणिज्यिक कर्मचारियों की तैनाती तथा सीसीटीवी से होगी सतत निगरानी
रायपुर,
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल द्वारा दीपावली एवं छठ पूजा के दौरान ट्रेनों एवं रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए मंडल रेल प्रबंधक श्री दयानंद के दिशा निर्देश पर व्यापक भीड़ प्रबंधन योजना तैयार की गई है। यात्रियों की सुरक्षित एवं सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने तथा स्टेशन परिसरों में भीड़ को नियंत्रित रखने के उद्देश्य से रायपुर, दुर्ग एवं भिलाई पावर हाउस रेलवे स्टेशनों पर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।
दीपावली तथा छठ पूजा के अवसर पर 05 से 14 नवम्बर 2026 के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ रहने की संभावना है। इसे ध्यान में रखते हुए मंडल रेल प्रशासन द्वारा सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर विशेष कार्ययोजना लागू की जा रही है।

रायपुर स्टेशन पर विशेष व्यवस्थाएं
रायपुर रेलवे स्टेशन पर लगभग 4200 वर्गफीट क्षेत्र में होल्डिंग एरिया तैयार किया गया है, जिसमें लगभग 400 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था के साथ सीसीटीवी, यात्रियों को किफायती खाना, पेयजल की व्यवस्था एवं प्रकाश की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। बिहार एवं उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाली तीन ट्रेनों 15160 दुर्ग–छपरा सारनाथ एक्सप्रेस,15232 गोंदिया–बरौनी एक्सप्रेस,13287 दुर्ग–आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस
को प्लेटफार्म नंबर 07 से संचालित करने के लिए नामांकित किया गया है, जिससे प्लेटफार्म पर यात्रियों की भीड़ को व्यवस्थित किया जा सके।
यात्रियों की सुविधा के लिए व्यस्त समय में तीन अतिरिक्त टिकट काउंटर तथा छह अतिरिक्त ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM) की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही एम-यूटीएस सुविधा एवं अतिरिक्त वाणिज्यिक पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है।
दुर्ग स्टेशन पर भी विशेष इंतजाम
दुर्ग रेलवे स्टेशन पर मल्टीफंक्शनल कॉम्प्लेक्स (MFC) का उपयोग होल्डिंग एरिया के रूप में किया जा रहा है। यात्रियों को किफायती खाना, पेयजल की व्यवस्था, सभी प्लेटफार्मों पर ट्रेनों के आवागमन के अनुसार अग्रिम प्लेटफार्म निर्धारण किया गया है। व्यस्त समय में अतिरिक्त टिकट काउंटर एवं अतिरिक्त एटीवीएम की व्यवस्था की गई है। यात्रियों की सहायता एवं भीड़ नियंत्रण के लिए आरपीएफ तथा टिकट जांच कर्मचारियों की शिफ्टवार तैनाती की गई है।
सुरक्षा एवं निगरानी के पुख्ता इंतजाम
तीनों प्रमुख स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। रायपुर स्टेशन पर 55, दुर्ग में 42 तथा भिलाई पावर हाउस स्टेशन पर 12 आरपीएफ कर्मियों की बीटवार एवं शिफ्टवार तैनाती की गई है। इनके साथ टिकट जांच कर्मचारियों को भी तैनात किया गया है।
रायपुर स्टेशन पर 55, दुर्ग में 43 तथा भिलाई पावर हाउस में 55 सीसीटीवी कैमरे कार्यरत हैं। इन कैमरों के माध्यम से स्टेशन परिसर की सतत निगरानी की जाएगी। रायपुर में ड्रोन की उपलब्धता भी सुरक्षा व्यवस्था के लिए दर्शाई गई है। यात्रियों की कतारों, प्रवेश एवं निकास द्वारों तथा फुट ओवरब्रिज पर भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग एवं आवश्यकतानुसार कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी।
*24 घंटे सक्रिय रहेगा वार रूम*
यात्रियों की सुविधा एवं त्वरित सहायता के लिए वार रूम सक्रिय रखा गया है, जहां विभिन्न स्टेशनों के सीसीटीवी कैमरों की फीड के माध्यम से भीड़ की स्थिति पर निगरानी रखी जाएगी। रेलवे के वाणिज्यिक, परिचालन, इंजीनियरिंग, विद्युत, सिग्नल एवं दूरसंचार तथा यांत्रिक विभागों के कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या का तत्काल समाधान किया जा सके।
स्टेशनों पर प्रतीक्षालय, शौचालय, पंखे, एयर कंडीशनिंग, पेयजल, लिफ्ट एवं एस्केलेटर जैसी यात्री सुविधाओं को सुचारू बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। स्वच्छता की सतत निगरानी, खानपान स्टॉलों पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं निर्धारित दरों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। रायपुर स्टेशन पर एम्बुलेंस एवं चिकित्सा दल की व्यवस्था की गई है तथा रायपुर एवं दुर्ग स्टेशनों पर चिकित्सा शिविर आयोजित करने की व्यवस्था भी की जा रही है।
त्योहारों के दौरान अतिरिक्त ट्रेनें एवं यात्री सुविधाएं
त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त मांग को देखते हुए दुर्ग से बिहार, दिल्ली एवं निजामुद्दीन तथा गोंदिया से पटना के बीच विशेष ट्रेनें (TOD) संचालित करने की योजना बनाई गई है। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार दुर्ग-बरौनी-दुर्ग के बीच 03 ट्रिप, दुर्ग-दिल्ली-दुर्ग के बीच 02 ट्रिप, दुर्ग-हजरत निजामुद्दीन-दुर्ग के बीच 04 ट्रिप तथा गोंदिया-पटना-गोंदिया के बीच 03 ट्रिप प्रस्तावित हैं।
मंडल रेल प्रशासन द्वारा यात्रियों से अपील की गई है कि वे रेलवे द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, स्टेशन परिसर में निर्धारित कतारों में ही खड़े हों, फुट ओवरब्रिज का उपयोग करें तथा ट्रेन में चढ़ते एवं उतरते समय धैर्य और सावधानी बरतें। अनावश्यक जल्दबाजी एवं धक्का-मुक्की से बचें तथा रेलवे कर्मचारियों एवं सुरक्षा बलों का सहयोग करें।
रेल प्रशासन का उद्देश्य त्योहारों के दौरान प्रत्येक यात्री की यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सुविधाजनक बनाना है।




