Home छत्तीसगढ़ सेवा और संवेदना की मिसाल: 450 जरूरतमंद परिवारों के साथ मनाई ‘खुशियों...

सेवा और संवेदना की मिसाल: 450 जरूरतमंद परिवारों के साथ मनाई ‘खुशियों वाली दिवाली 9.0’

26
0

कुछ फर्ज हमारा भी (KFHB) संस्था ने बांटे नए वस्त्र, मिठाइयां, दीपक और कंबल; वर्ष 2018 से निरंतर चला आ रहा सेवा अभियान

रायपुर  । दीपावली का पर्व केवल दीप जलाने और खुशियां मनाने का ही नहीं, बल्कि समाज के जरूरतमंद वर्गों के जीवन में खुशियों का उजाला लाने का भी अवसर है। इसी मानवीय भावना को साकार करते हुए कुछ फर्ज हमारा भी (KFHB) संस्था ने झुग्गी-बस्तियों में निवासरत 450 जरूरतमंद परिवारों के साथ ‘खुशियों वाली दिवाली 9.0’ का आयोजन किया। हिंदुस्तान ग्रुप के सहयोग से आयोजित इस सेवा कार्यक्रम के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों तक दीपावली की खुशियां पहुंचाने के साथ आगामी सर्दियों में राहत प्रदान करने का भी प्रयास किया गया।

कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक परिवार को महिलाओं के लिए नई साड़ी, पुरुषों के लिए पैंट-शर्ट का कपड़ा, बच्चों के लिए पटाखे, मिठाई एवं नमकीन के पैकेट, दीये, तेल और बाती प्रदान की गई। इसके साथ ही ठंड से बचाव एवं राहत के लिए नए कंबलों का भी वितरण किया गया। संस्था के सदस्यों ने स्वयं जरूरतमंद परिवारों के बीच पहुंचकर उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं तथा उनके साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को भी दीपावली के उत्सव में सहभागी बनाना और उनके चेहरों पर मुस्कान लाना रहा।

संस्था के प्रवक्ता कैलाश अग्रवाल ने बताया कि वर्ष 2018 से निरंतर आयोजित हो रहे इस सेवा अभियान का यह नौवां वर्ष है। ‘खुशियों वाली दिवाली’ संस्था का एक ऐसा प्रयास है, जिसके माध्यम से आर्थिक कठिनाइयों से जूझ रहे परिवारों तक त्योहारों की खुशियां, अपनापन और सम्मान पहुंचाया जाता है। उन्होंने कहा कि दीपावली का वास्तविक आनंद तभी सार्थक होता है, जब समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ खुशियां साझा की जाएं और जरूरतमंद परिवार भी त्योहार को उत्साह एवं उमंग के साथ मना सकें। संस्था अध्यक्ष नितिन सिंह राजपूत एवं संस्थापिका स्मारिका राजपूत ने इस आयोजन में सहयोग प्रदान करने के लिए हिंदुस्तान ग्रुप के प्रति आभार व्यक्त किया।

त्योहारों तक सीमित नहीं, हर दिन सेवा का संकल्प

कुछ फर्ज हमारा भी (KFHB) संस्था की सामाजिक एवं जनसेवा गतिविधियां केवल त्योहारों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि संस्था प्रतिदिन जरूरतमंदों की सहायता के लिए निरंतर कार्य कर रही है। संस्था द्वारा प्रतिदिन दोनों समय अस्पतालों में मरीजों के परिजनों एवं अन्य जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क भोजन उपलब्ध कराया जाता है, जिससे प्रतिदिन 1,500 से अधिक लोग लाभान्वित होते हैं। इसके अतिरिक्त, महिलाओं एवं बालिकाओं को निःशुल्क कंप्यूटर शिक्षा प्रदान कर उनके कौशल विकास, आत्मनिर्भरता एवं उज्ज्वल भविष्य की दिशा में भी संस्था महत्वपूर्ण प्रयास कर रही है।

संस्था का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद वर्गों को सहायता प्रदान करने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, सम्मान एवं सकारात्मकता का भाव विकसित करना है। संस्था विभिन्न सेवा गतिविधियों के माध्यम से समाज में सहयोग, संवेदना एवं मानवता के मूल्यों को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। संस्था का मानना है कि सेवा का वास्तविक उद्देश्य केवल सहायता प्रदान करना नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के जीवन में आशा और खुशियों का संचार करना है।

कार्यक्रम में संस्था के पदाधिकारी एवं सदस्य रहे उपस्थित

‘खुशियों वाली दिवाली 9.0’ के आयोजन में संस्था अध्यक्ष नितिन सिंह राजपूत, संस्थापिका स्मारिका राजपूत, कोषाध्यक्ष रजत अग्रवाल, उपाध्यक्ष अंकित गोयल, मुख्य सलाहकार विजय गुप्ता, संगठन सदस्य उदित अग्रवाल, रवि गोयल, शेषा सक्सेना, सरोज सैफी, सुमित वर्मा, अंजय शर्मा, नरेंद्र पटेल, कान्हा अग्रवाल, तनिष्क राजपूत, अंबिका राजपूत, दीपा पंडा, राकेश शास्त्री सहित संस्था के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने सेवा भावना के साथ आयोजन में सहभागिता निभाई और जरूरतमंद परिवारों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here