Home छत्तीसगढ़ नगर और ग्रामीण अंचलों में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई...

नगर और ग्रामीण अंचलों में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई गोवर्धन पूजा

8
0

 

राधा-कृष्ण जमात मंदिर एवं जगन्नाथ मंदिर में अन्नकूट प्रसादी और भजन-कीर्तन का हुआ आयोजन

 

थान खमरिया। नगर एवं आसपास के ग्रामीण अंचलों में गोवर्धन पूजा का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं एवं महिलाओं ने घरों के आंगन, मंदिरों और चौराहों पर गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृतियां बनाकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

नगर के स्थानीय राधा-कृष्ण जमात मंदिर एवं जगन्नाथ मंदिर में प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार गोवर्धन पूजा, अन्नकूट प्रसादी वितरण तथा भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। इसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने शामिल होकर भगवान गोवर्धन की पूजा-अर्चना की। साथ ही एक-दूसरे से मिलकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं और प्रसादी ग्रहण की।

नगर में यह आयोजन कई दशकों से निरंतर होता आ रहा है। इसमें नगर के लगभग प्रत्येक घर की सहभागिता रहती है। महिला एवं पुरुष सभी मिलकर भजन-कीर्तन करते हैं और भक्तिमय वातावरण में भगवान का स्मरण करते हुए आयोजन का आनंद लेते हैं।

इस अवसर पर महंत बसंत बिहारी दास ने गोवर्धन पूजा के धार्मिक, आध्यात्मिक एवं प्राकृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि हिंदू धर्म में इस पर्व का विशेष महत्व है। यह पर्व भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत उठाकर बृजवासियों की रक्षा करने की स्मृति में मनाया जाता है।

पौराणिक कथा के अनुसार गोकुलवासी अच्छी वर्षा के लिए देवराज इंद्र की पूजा करते थे। भगवान श्रीकृष्ण ने उन्हें समझाया कि इंद्र के स्थान पर गोवर्धन पर्वत की पूजा करनी चाहिए, क्योंकि गोवर्धन पर्वत प्रकृति, मनुष्य और पशुओं के लिए भोजन, चारा एवं आश्रय का प्रमुख स्रोत है। इससे नाराज होकर इंद्र ने वर्षा और तूफान शुरू कर दिया, तब भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत को अपनी छोटी उंगली पर उठाकर सभी बृजवासियों की रक्षा की। इसी स्मृति में गोवर्धन पूजा मनाई जाती है। गोवर्धन पर्वत को गिरिराज के नाम से भी जाना जाता है।

इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here