देश के लाखों वाहन चालकों के अधिकार, सम्मान एवं सामाजिक सुरक्षा की मांगों को बताया जायज
देश के अर्थव्यवस्था के सारथी है वाहन चालक – भगवानू
रायपुर, छत्तीसगढ़, । राष्ट्रीय गांड़ा महासमाज ने ऑल इंडिया ड्राइवर ज्वाइंट कमेटी के संबद्ध छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंगठन द्वारा दिनांक 12 नवंबर 2026 से प्रारंभ किए जा रहे अनिश्चितकालीन स्टेयरिंग छोड़ अभियान का पूर्ण समर्थन किया है। महासमाज ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को गति देने वाले लाखों ड्राइवरों की सुरक्षा, सम्मान, सामाजिक न्याय एवं आर्थिक अधिकारों की मांगों को लंबे समय से नजरअंदाज किया जा रहा है, जो अत्यंत चिंताजनक है।
राष्ट्रीय गांड़ा महासमाज के संस्थापक अधिवक्ता भगवानू नायक ने कहा कि देश के ड्राइवर दिन-रात मेहनत कर माल एवं यात्रियों का परिवहन करते हैं। वे देश की आर्थिक व्यवस्था, व्यापार, उद्योग एवं जनजीवन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। इसके बावजूद अधिकांश ड्राइवरों को न तो पर्याप्त सामाजिक सुरक्षा मिलती है और न ही दुर्घटना, बीमारी, वृद्धावस्था एवं परिवार के भविष्य की सुरक्षा के लिए ठोस सरकारी व्यवस्था उपलब्ध है।
राष्ट्रीय गांड़ा महा समाज के राष्ट्रीय प्रभारी बनमली छुरा ने कहा कि ड्राइवर महासंगठन द्वारा उठाई गई 15 सूत्रीय मांगें पूरी तरह न्यायसंगत एवं जनहितकारी हैं। राष्ट्रीय ड्राइवर सुरक्षा कानून, राष्ट्रीय ड्राइवर आयोग, ड्राइवर वेलफेयर बोर्ड, अनिवार्य बीमा, पेंशन, स्वास्थ्य सुविधा, सम्मानजनक वेतन, कार्य के निर्धारित घंटे, बच्चों की शिक्षा एवं परिवार के लिए सामाजिक सुरक्षा जैसी मांगों को केंद्र एवं राज्य सरकारों को गंभीरता से लेना चाहिए।
राष्ट्रीय गांड़ा महासमाज के युवा संगठन प्रभारी आशीष तांडी ने ड्राइवर केवल वाहन चलाने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था का सारथी है। जो चालक अपने श्रम और परिश्रम से देश को गतिमान रखते हैं, उनके जीवन में सुरक्षा, सम्मान और खुशहाली सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। ड्राइवरों की जायज मांगों को अनसुना करना उनके साथ अन्याय है। राष्ट्रीय गांड़ा महासमाज ड्राइवर महासंगठन के इस संघर्ष में पूरी मजबूती के साथ खड़ा है।”
राष्ट्रीय गांड़ा महासमाज ने केंद्र एवं छत्तीसगढ़ राज्य सरकार से मांग की है कि ड्राइवर महासंगठन की 15 सूत्रीय मांगों पर तत्काल सकारात्मक पहल की जाए, संगठन के प्रतिनिधियों के साथ वार्ता की जाए तथा ड्राइवरों के हित में ठोस एवं प्रभावी कानून बनाकर उनकी सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
महासमाज ने यह भी कहा कि ड्राइवरों के अधिकारों की लड़ाई केवल एक पेशे से जुड़े लोगों की लड़ाई नहीं है, बल्कि यह श्रमिक सम्मान, सामाजिक न्याय एवं संवैधानिक अधिकारों की लड़ाई है। राष्ट्रीय गांड़ा महासमाज इस संघर्ष को न्याय मिलने तक नैतिक एवं संगठनात्मक समर्थन प्रदान करेगा।




