Home छत्तीसगढ़ भारत माता कन्या शाला में बाल मेले का आयोजन, बच्चों ने लगाए...

भारत माता कन्या शाला में बाल मेले का आयोजन, बच्चों ने लगाए व्यंजनों के स्टॉल

7
0

 

बाल मेले में विद्यार्थियों ने सीखा क्रय-विक्रय और लेन-देन का व्यावहारिक ज्ञान

 

थान खम्हरिया। बाल दिवस के अवसर पर शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला थान खम्हरिया में छात्राओं द्वारा उत्साह एवं उमंग के साथ बाल मेले का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में मेले जैसा माहौल देखने को मिला। छात्राओं ने विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों एवं खाद्य सामग्रियों के स्टॉल लगाए और स्वयं तैयार किए गए खाद्य पदार्थों का विक्रय किया।

बाल मेले में छात्राओं ने आकर्षक ढंग से अपने-अपने स्टॉल सजाए। मेले में विभिन्न प्रकार के व्यंजन एवं खाद्य सामग्री उपलब्ध रही। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्राओं ने स्टॉलों पर पहुंचकर खरीदारी की और व्यंजनों का आनंद लिया। स्वयं सामान बेचने और खरीदने को लेकर बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम का शुभारंभ शाला की प्राचार्य श्रीमती संध्या दीपक ने बच्चों के स्टॉल से सामग्री खरीदकर किया। उन्होंने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बाल मेला शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक एवं व्यावसायिक ज्ञान प्राप्त करने का एक बेहतर माध्यम है।

इस अवसर पर बाल मेले के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में क्रय-विक्रय की समझ विकसित होती है। उन्हें रुपए-पैसों का हिसाब रखने, जोड़-घटाव करने, वस्तुओं का मूल्य निर्धारित करने, ग्राहकों से व्यवहार करने तथा लेन-देन की प्रक्रिया को समझने का अवसर मिलता है। साथ ही इन गतिविधियों से बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता एवं स्वावलंबन की भावना भी विकसित होती है।

बाल दिवस पर आयोजित इस बाल मेले ने छात्राओं को पढ़ाई के साथ जीवनोपयोगी व्यावहारिक ज्ञान सीखने का अवसर प्रदान किया। पूरे विद्यालय परिसर में दिनभर उत्साह और उल्लास का वातावरण बना रहा। आयोजन को सफल बनाने में शाला के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई तथा छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here