सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, विद्यार्थियों को मिठाई के साथ परोसा गया विशेष मध्यान्ह भोजन
ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया
थान खम्हरिया। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय थान खम्हरिया में 14 नवंबर को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर बाल दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में बच्चों की चहल-पहल और उमंग देखने को मिली।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन तथा पंडित जवाहरलाल नेहरू के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। बच्चों ने गीत, नृत्य, कविता पाठ एवं खेलकूद गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में श्रीमती सुषमा खंडेलवाल ने बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चे देश का उज्ज्वल भविष्य हैं। उनकी प्रतिभा को निखारना तथा उन्हें बेहतर शिक्षा और संस्कार प्रदान करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी बच्चों को बाल दिवस के महत्व से अवगत कराया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया गया और मिठाइयां वितरित की गईं। वहीं मध्यान्ह भोजन में बच्चों के लिए विशेष रूप से खीर, पूड़ी एवं पुलाव परोसा गया, जिसे पाकर बच्चे काफी उत्साहित नजर आए।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य, श्रीमती सुषमा खंडेलवाल, प्रभारी प्राचार्य श्री मनीष चौबे सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।



