Home छत्तीसगढ़ सांसद विजय बघेल ने फीता काटकर किया ‘हमर छत्तीसगढ़–हमर धरोहर’ प्रदर्शनी का...

सांसद विजय बघेल ने फीता काटकर किया ‘हमर छत्तीसगढ़–हमर धरोहर’ प्रदर्शनी का शुभारंभ

10
0

 

छत्तीसगढ़ की संस्कृति, लोककला और जनजातीय विरासत को प्रदर्शनी में किया गया प्रदर्शित

ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया

थान खम्हरिया। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग द्वारा आयोजित दो दिवसीय प्रदर्शनी ‘हमर छत्तीसगढ़–हमर धरोहर’ का शुभारंभ दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय बघेल ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, परंपरा, लोककला, जनजातीय विरासत, खान-पान एवं ऐतिहासिक धरोहरों को प्रदर्शित करने के इस प्रयास की सराहना की।

सांसद विजय बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और विशिष्ट जीवनशैली में समाहित है। हमारी युवा पीढ़ी को अपनी माटी, संस्कृति और विरासत से जोड़ने में ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की गौरवशाली परंपराओं और सांस्कृतिक धरोहरों को संरक्षित कर नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ की पारंपरिक कला, लोकजीवन, खान-पान, वेशभूषा, हस्तशिल्प एवं विभिन्न सांस्कृतिक विशेषताओं को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया है। विभिन्न स्टॉलों के माध्यम से प्रदेश की विविधतापूर्ण सांस्कृतिक विरासत को करीब से जानने और समझने का अवसर मिल रहा है।

उल्लेखनीय है कि हेमचंद यादव विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित यह प्रदर्शनी 19 एवं 20 नवंबर 2026 को बीआईटी, दुर्ग में आयोजित की जा रही है। प्रदर्शनी का समय दोपहर 12:30 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है।

इस अवसर पर सांसद विजय बघेल ने विश्वविद्यालय परिवार को इस सराहनीय आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और परंपराओं को व्यापक पहचान मिलती है तथा युवा पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here