Home छत्तीसगढ़ स्वर्णभूमि में श्रद्धा, सेवा और समर्पण के साथ गोपाष्टमी महोत्सव संपन्न

स्वर्णभूमि में श्रद्धा, सेवा और समर्पण के साथ गोपाष्टमी महोत्सव संपन्न

31
0

 गोपूजन, तुलादान, गौ सवामणी एवं छप्पन भोग में रहवासियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा; गौसेवा एंबुलेंस का भी हुआ शुभारंभ

*रायपुर।* स्वर्णभूमि कॉलोनी में गोपाष्टमी के पावन अवसर पर फेस-2 एवं फेस-3 के रहवासियों द्वारा गठित *गौ सेवा समिति* के तत्वावधान में गोपाष्टमी महोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं सेवा भाव के साथ संपन्न हुआ। स्वर्णभूमि समिति के अंतर्गत कॉलोनी के फेस-2 एवं फेस-3 स्थित दुर्गा मंदिर के समीप आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रहवासियों एवं श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधि-विधान से गौपूजन के साथ हुआ। इसके पश्चात गौमाता के सम्मान एवं सेवा के उद्देश्य से तुलादान का आयोजन किया गया, जिसमें कॉलोनीवासियों एवं प्रवासी बंधुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। गौमाता के लिए *गौ सवामणी, छप्पन भोग एवं भोग प्रसादी* की व्यवस्था की गई। श्रद्धालुओं ने गौमाता का पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

कार्यक्रम की एक विशेष पहल के अंतर्गत श्रद्धालुओं को पंचगव्य से निर्मित *श्री लक्ष्मी-गणेश जी की प्रतिमाएं* सप्रेम भेंट की गईं। इस पहल के माध्यम से गौ आधारित उत्पादों, स्वदेशी परंपरा एवं भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

आयोजकों ने बताया कि गौसेवा का वास्तविक अर्थ केवल दूध देने वाली गायों की देखभाल तक सीमित नहीं है, बल्कि बीमार, वृद्ध, अशक्त एवं निराश्रित गौवंश की सेवा और संरक्षण भी इसका महत्वपूर्ण अंग है। गौशालाओं में बड़ी संख्या में ऐसी गायों की देखभाल की जाती है, जो दूध उत्पादन में सक्षम नहीं हैं। इसलिए गौसेवा को आर्थिक लाभ के दृष्टिकोण से नहीं, बल्कि पूर्णतः जीवदया और सेवा के भाव से देखना चाहिए।

 गौसेवा एंबुलेंस का शुभारंभ, नवजात बछड़े एवं गाय का रेस्क्यू

गोपाष्टमी के इस आयोजन में गौसेवा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल भी की गई। *श्री गिरिराज सिंघानिया के सहयोग से गौसेवा एंबुलेंस का शुभारंभ* किया गया। इस एंबुलेंस के माध्यम से कॉलोनी क्षेत्र में एक नवजात बछड़े एवं उसकी गाय के रेस्क्यू का कार्य भी संपन्न हुआ।

अग्र सेवा तर्रा गौशाला की ओर से श्री केशव अग्रवाल ने समिति के निवेदन पर रात्रि में ही मौके पर पहुंचकर इस रेस्क्यू कार्य को अंजाम दिया। उनके इस सेवाभाव, तत्परता एवं सहयोग के लिए समिति ने विशेष आभार व्यक्त किया। एंबुलेंस की यह सुविधा भविष्य में जरूरतमंद एवं असहाय गौवंश की सहायता के लिए उपयोगी सिद्ध होगी।

### रहवासियों के उत्साह ने समिति को दी नई प्रेरणा

समिति के सदस्यों ने बताया कि गोपाष्टमी के आयोजन में कॉलोनी के रहवासियों एवं प्रवासी बंधुओं से जिस प्रकार का उत्साहजनक सहयोग और सहभागिता प्राप्त हुई, उससे समिति को नई प्रेरणा मिली है। समिति का उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजनों तक सीमित रहना नहीं है, बल्कि फेस-2 एवं फेस-3 के रहवासियों की सहभागिता से कॉलोनी के विकास, सेवा, सद्भाव एवं जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाना है।

समिति ने स्पष्ट किया कि आने वाले समय में कॉलोनी एवं आसपास के परिक्षेत्र में गौसेवा, जीवदया, सामाजिक सहयोग और अन्य जनकल्याणकारी गतिविधियों के नए-नए कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। समिति का प्रयास रहेगा कि कॉलोनी के प्रत्येक परिवार को किसी न किसी सेवा कार्य से जोड़कर सामूहिक सहभागिता की एक सकारात्मक परंपरा विकसित की जाए।

 आयोजकों ने किया सभी रहवासियों का आभार व्यक्त

कार्यक्रम के सफल आयोजन में श्री विनोद तोषनीवाल, श्री मनोज साहू, श्री कृष्णा देवांगन, श्री कमल चंद्राकर, श्री अशोक हरलालका, श्री आशीष भूषणिया, श्री मुकेश गोयल सहित गौ सेवा समिति के सदस्यों एवं अनेक सहयोगकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

आयोजन के समापन पर आयोजकगणों ने समस्त रहवासियों, वरिष्ठजनों, मातृशक्ति, युवाओं एवं प्रवासी बंधुओं के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

उन्होंने कहा कि यह अत्यंत प्रसन्नता का विषय है कि कॉलोनी के रहवासी गौमाता की सेवा के लिए जागरूक होकर आगे आ रहे हैं और तन-मन-धन से सहयोग कर रहे हैं। तुलादान सहित विभिन्न सेवा गतिविधियों में सहभागिता करने वाले सभी परिवारों को समिति ने साधुवाद दिया।

समिति के सदस्यों ने विश्वास व्यक्त किया कि रहवासियों का यही सहयोग और सामूहिक भावना भविष्य में भी बनी रहेगी तथा स्वर्णभूमि फेस-2 एवं फेस-3 सामाजिक सद्भाव, सेवा और जनकल्याण के कार्यों में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करेगा।

*गौसेवा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रतीक है।*

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here