वर्ष 2024 से नवंबर 2026 तक 930 नाबालिग बच्चों को रेस्क्यू कर उनके परिजनों तक पहुँचाने में मिली सफलता
रेलवे सुरक्षा बल द्वारा सुरक्षा के साथ सामाजिक दायित्वों का भी प्रभावी निर्वहन
बिलासपुर/रायपुर –
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का रेलवे सुरक्षा बल रेल यात्रियों एवं रेलवे संपत्ति की सुरक्षा के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में भी निरंतर सक्रिय एवं प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से रेलवे सुरक्षा बल द्वारा जरूरतमंद यात्रियों की सहायता, महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा तथा विशेष परिस्थितियों में त्वरित सहयोग प्रदान करने के लिए विभिन्न अभियान संचालित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में रेलवे सुरक्षा बल, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा ‘ऑपरेशन नन्हें फरिश्ते’ अभियान के अंतर्गत घर से भागे हुए अथवा अपने परिजनों से बिछड़े नाबालिग बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू कर उनके परिजनों तक पहुँचाने का कार्य निरंतर किया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से रेलवे सुरक्षा बल के जवान विभिन्न रेलवे स्टेशनों एवं ट्रेनों में सतर्कता के साथ ऐसे बच्चों की पहचान कर उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराते हैं तथा नियमानुसार संबंधित गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) एवं अभिभावकों को सौंपते हैं।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के तीनों रेल मंडलों बिलासपुर, रायपुर एवं नागपुर में वर्ष 2024 के दौरान कुल 300 नाबालिग बच्चों को रेस्क्यू किया गया, जिनमें 188 बालक एवं 112 बालिकाएं शामिल थीं। वर्ष 2025 में कुल 312 बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया, जिनमें 184 बालक एवं 128 बालिकाएं थीं। वहीं, वर्ष 2026 में नवंबर माह तक कुल 318 बच्चों को रेस्क्यू किया गया है, जिनमें 210 बालक एवं 108 बालिकाएं शामिल हैं।
इस प्रकार, वर्ष 2024 से नवंबर 2026 तक दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में ‘ऑपरेशन नन्हें फरिश्ते’ के अंतर्गत कुल 930 नाबालिग बच्चों को रेस्क्यू कर सुरक्षित सहायता प्रदान की गई है। यह अभियान रेलवे सुरक्षा बल के सतर्क, संवेदनशील एवं सेवाभावी कार्यप्रणाली का परिचायक है।
रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारी एवं जवान चौबीसों घंटे सतर्क रहकर रेल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ जरूरतमंद बच्चों की सहायता के लिए तत्पर रहते हैं। रेलवे सुरक्षा बल द्वारा किए जा रहे इन प्रयासों से न केवल बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध हो रहा है, बल्कि रेलवे की सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जनविश्वास भी सुदृढ़ हो रहा है।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का रेलवे सुरक्षा बल रेल यात्रियों, यात्री परिसर एवं रेलवे संपत्ति की सुरक्षा के साथ-साथ मानवीय सेवा के इस महत्वपूर्ण अभियान को निरंतर जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध है।



