रायपुर। बीते कुछ दिनों से छत्तीसगढ़ में मौसम ने करवट ली है। प्रदेश भर में मौसम में बदलाव देखा जा रहा है और कई जगहों पर बारिश हो रही है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। राजधानी रायपुर में भी झमाझम बारिश शुरू हो गई है। तेज हवाओं के साथ हो रही इस बारिश ने मौसम को सुहाना बना दिया है और तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है। हर साल मई के अंतिम सप्ताह से शुरू होने वाले नौतपा के दौरान प्रदेश में तापमान 45 डिग्री तक पहुंच जाता है, लेकिन इस बार स्थिति कुछ अलग है। दोपहर की तेज धूप के बाद शाम होते-होते बारिश हो रही है, जिससे लगातार मौसम खुशनुमा बना हुआ है।
मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि आगामी एक सप्ताह तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश जारी रह सकती है। कुछ जिलों में हल्की से मध्यम जबकि कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है।




