आईजी रामगोपाल गर्ग ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएं तथा न्याय की प्रक्रिया में कोई और विलंब न हो।
बेमेतरा- मंगलवार को दुर्ग पुलिस रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग बेमेतरा जिले के दौरे पर रहे। यहां उन्होंने पुलिस चौकी संबलपुर अंतर्गत ग्राम सोनपुरी में हुई हत्या के घटना स्थल का निरीक्षण किया। ग्राम सोनपुरी पहुंचकर मृतका के पिता व परिजनों से उनके घर पर मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी करने के लिए हर संभव प्रयास करने का आश्वासन दिया।
पुलिस चौकी संबलपुर में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें राजपत्रित अधिकारियों व विशेष जांच दल के सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में फरार आरोपी सोहन राजपूत (30 वर्ष) की जल्द गिरफ्तारी को लेकर विभिन्न संभावित पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की। आईजी रामगोपाल गर्ग ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएं तथा न्याय की प्रक्रिया में कोई और विलंब न हो। इस बैठक में एसएसपी बेमेतरा रामकृष्ण साहू, एएसपी ज्योति सिंह, एसडीओपी बेमेतरा मनोज तिर्की, एसडीओपी बेरला विनय कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बता दें कि आज से तीन माह पहले आरोपी सोहन राजपूत ने 12 वर्षीय बालिका की हत्या कर दी थी। इसके बाद वह फरार हो गया, जो अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। आरोपी के संबंध में सूचना देने के लिए 30 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया है।




