बिलासपुर – बिलासपुर में रेत के अवैध उत्खनन और भंडारण पर पुलिस और प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। पूरे जिले में एकसाथ अभियान चलाकर छापामार कार्रवाई की गई है। जिसमें 50 से अधिक ट्रैक्टर, हाईवा, पोकलेन और जेसीबी जप्त किया गया है। पुलिस और प्रशासन की टीम ने इस दौरान 600 ट्रैक्टर से अधिक डंप रेत भी जप्त किया है। दरअसल, मानसून के दस्तक के साथ 15 जून से रेत उत्खनन पर प्रतिबन्ध लग गया है। लेकिन इसके बावजूद रेत माफिया नदी से रेत का अवैध उत्खनन और भंडारण कर रहे हैं। सामने आ रही शिकायतों के बाद पुलिस, खनिज और राजस्व की टीम ने आज पूरे जिले में एकसाथ अभियान चलाकर इसपर ताबड़तोड़ कार्रवाई की। इस दौरान कोटा, बेलगहना, मस्तूरी, रतनपुर, सरकंडा, सिविल लाइन, कोनी, हिर्री और चकरभाठा क्षेत्र में टीम ने 50 से अधिक ट्रैक्टर, हाईवा, पोकलेन और जेसीबी जप्त किया। टीम ने इस दौरान 600 ट्रैक्टर से अधिक डंप रेत पर भी कार्रवाई की। अवैध रूप से भंडारित रेत को जप्त किया गया। जप्त वाहनों को संबंधित थानों के सुपुर्द किया गया है। वाहन मालिकों की पातासाजी की जा रही है। जिसके बाद उनपर भी कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल खनिज अधिनियम के तहत जप्त वाहनों पर कार्रवाई की जा रही है।




