रायपुर। पुलिस ने शहर के रिंग रोड नंबर 02 के सर्विस रोड पर नो पार्किंग में खड़े भारी मालवाहक वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यातायात थाना टाटीबंध और भनपुरी की टीम ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर नो पार्किंग नियम का उल्लंघन करने वाले 40 भारी मालवाहक वाहनों के चालकों पर चालानी कार्रवाई की।
रिंग रोड नंबर 01 और 02 पर भारी मालवाहक वाहन चालक नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा कर आम जनता की सुविधा में बाधा डाल रहे थे, जिससे यातायात जाम की समस्या बढ़ रही थी और सड़क दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ था। इस समस्या को देखते हुए पुलिस ने प्रभावी कदम उठाए।
इस कार्रवाई में 3 ट्रक चालकों के खिलाफ बीएनएस की धारा 285 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। जिन चालकों पर मामला दर्ज हुआ है, वे रज्जू ठाकुर (वाहन संख्या CG 28 Q 2520), हिमाचल लोधी (MH 40 CM2231) और तेजराम साहू (CG 19 H8372) हैं। अन्य वाहन चालकों को भी चेतावनी दी गई है कि भविष्य में यदि वे नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़े करेंगे तो उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




