धमतरी जिले में लगातार चोरों द्वारा मंदिरों को निशाना बनाया जा रहा है। धमतरी सहित कुरूद के मंदिरों में लगातार चोरों द्वारा बेखौफ होकर चोरी को अंजाम दिया जा रहा है।वही जिला पुलिस कुंभकर्णीय नींद में सोयी हुई है,जिसके चलते लगभग 20- 25 दिनों के अंदर करीब 6 मंदिरों में चोर चोरी की वारदात को आसानी से अंजाम दे चुके है। ऐसा ही एक और चोरी का मामला सामने आया है जहां कुरूद की प्रसिद्ध अधिष्ठात्री देवी चंडी मंदिर में बड़ी चोरी को चोरों ने अंजाम दिया है। देर रात अज्ञात चोरों ने मंदिर में धावा बोलकर माता के आभूषण सोने के रानी हार, सोने के मुकुट, कुंडल, बिंदिया, चांदी के चरण पादुका सहित दान पेटी को निशाना बनाया है। सोमवार सुबह उस समय लोग हैरान रह गए जब नगर की आराध्य देवी चंडी मंदिर में माता के श्रृंगार आभूषण गायब मिले।जिसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस, एसडीओपी, एसडीएम, तहसीलदार, फॉरेंसिक टीम, साइबर सेल की टीम मौके पर पहुंची और सीसीटीवी कैमरे को खंगाला जा रहा है। नगर में यही चर्चा है कि थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर होने के बावजूद मंदिर में ऐसी घटी घटना पुलिस पर सवालिया निशान खड़े करता है।आपको बता दें कि कुरूद का ये प्रसिद्ध मंदिर है और ये मंदिर पुलिस थाना से सौ मीटर दूरी पर स्थित है। कुछ ही दिनों पहले नेशनल हाइवे स्थित प्रसिद्ध छत्तीसगढ़ महतारी मंदिर में चोरी हुई थी। इसके अलावा धमतरी शहर में भी नागेश्वर मंदिर, मुख्य मार्ग में बस स्टैंड के काली मंदिर, गुजराती कॉलोनी मोड में सिद्धेश्वर नाथ महादेव मंदिर में भी दान पेटी से रुपयों की चोरी हुई थी सभी आरोपी पुलिस पकड़ से बाहर है।




