रायपुर। नगर निगम ने शहर को साफ-सुथरा रखने और दीवारों को बचाने के लिए संपत्ति विरूपण के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। भाठागांव अंडरब्रिज पर अवैध रूप से पाम्पलेट और पोस्टर लगाने वालों पर चालानी कार्रवाई की गई। नगर निगम के जोन 6 की टीम ने भाठागांव अंडरब्रिज पर संपत्ति विरूपण के मामलों में तीन अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। सियाराम जलपान पर 2000 रुपये, फार एवर ऑफिस पर 3000 रुपये और मोहन तिवारी पर 1000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। यह कार्रवाई जोन कमिश्नर हितेन्द्र यादव के नेतृत्व में, नगर निवेश विभाग की टीम द्वारा की गई। नगर निगम की इस कार्रवाई का उद्देश्य शहर की सार्वजनिक संपत्तियों को गंदा होने से बचाना और दीवारों पर बेतरतीब पोस्टर, पाम्पलेट लगाने की प्रवृत्ति पर रोक लगाना है। निगम अधिकारियों ने साफ किया है कि यह अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा और जो भी नियमों का उल्लंघन करेगा, उस पर सख्त जुर्माना लगाया जाएगा।




