रायपुर। आजाद चौक थाना क्षेत्र से एक शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां एक महिला के नहाते समय उसका वीडियो बनाने की कोशिश की गई। जब महिला ने इसका विरोध किया तो उसके पूरे परिवार पर हमला कर दिया गया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि एक अन्य आरोपी अभी फरार है। आज़ाद चौक थाना प्रभारी जितेंद्र ताम्रकार ने बताया कि घटना 25 जून की दोपहर करीब 2 बजे की है। गौतम नगर निवासी महिला अपने घर के बाथरूम में नहा रही थी, तभी पड़ोस में रहने वाला आरोपी शेख जफर उर्फ झोल्टू मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड करने की कोशिश करने लगा। महिला ने शोर मचाया तो उसके पति और दोनों बेटे दौड़कर मौके पर पहुंचे। महिला का आरोप है कि आरोपी जफर ने उसके पति और बेटों को अश्लील गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देते हुए पत्थर से हमला कर दिया।
हमले में बेटों – स्वयं सोनी को कंधे में और मयंक सोनी को सिर में गंभीर चोट आई है। जफर के पास एक चाकू भी था, जिसे दिखाकर वह धमकी देता रहा।
इस बीच जफर के भाई रेहान और मोहम्मद कलाम भी आ गए और उन्होंने भी महिला के पति और बेटों को गालियां दीं। पीडि़ता की शिकायत पर आजाद चौक पुलिस ने जफर, कलाम और रेहान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शेख जफर उर्फ झोल्टू और मोहम्मद कलाम को 26 जून को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। तीसरा आरोपी रेहान अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।




