छत्रपति संभाजीनगर में समृद्धि एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के कीलें ठोंक दी गईं। इससे कम से कम तीन कारों के टायर पंक्चर हो गए। कीलें ठोंकने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। एक अधिकारी ने बताया कि वाहन चालकों ने रात करीब एक बजे दौलताबाद पुलिस थाने को सूचना दी कि एक्सप्रेसवे पर नुकीली वस्तुएं निकली हुई हैं। हमारी टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं। हमें अभी यह पता नहीं चल पाया है कि सड़क पर कितनी कीलें ठोंकी गई थीं, लेकिन तीन कारों के टायर पंक्चर हो गए। पुलिस ने मामले की आगे जांच के लिए सड़क ठेकेदार और उन लोगों को बुलाया है जिन्होंने मौके पर वाहन चालकों को रोका था। वायरल वीडियो में एक व्यक्ति कह रहा है कि समृद्धि एक्सप्रेसवे पर कीलें ठोंकने की वजह से चार गाड़ियां पंक्चर हो गईं। गाड़ियां 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से चलती हैं, और कीलों वाले हिस्से पर बैरिकेडिंग नहीं की गई है।
ठाणे में तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आकर महिला की मौत
ठाणे में एक तेज रफ्तार डंपर ने 75 वर्षीय एक महिला पैदल यात्री को कुचल दिया। इससे उसकी मौत हो गई। महिला तृप्ति म्हस्कर मंगलवार को डोंबिवली पूर्व में चेड्डा रोड पर टहल रही थीं। तभी दुर्घटना हुई। कल्याण-डोंबिवली नगर निगम के एक डंपर ने म्हसकर को कुचल दिया। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। डोंबिवली पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक गणेश जुवादवाड़ ने बताया कि डंपर कथित तौर पर लापरवाही से चलाया जा रहा था। उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।



