आरएसएस नगर स्थित राठौर कॉलोनी में मकान किराए पर लेने के बहाने पहुंचे दो युवकों ने मकान मालिक पर ब्लेड से हमला कर दिया। दोनों युवक सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
कोरबा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में शनिवार को दो अज्ञात युवकों ने मकान किराए पर लेने का बहाना बनाकर एक युवक पर हमला कर दिया। ऊपर के हिस्से के मकान में जेवरात सहित कुछ सामान लूटने के बाद दोनों फरार हो गए। आसपास के लोगों को पीड़ित के माध्यम से घटना की जानकारी हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि सीमा क्षेत्र के विवाद को लेकर पुलिस की कार्रवाई में विलंब हुआ, जबकि पुलिस अधिकारियों ने इस बात से इनकार कर दिया।
स्थानीय पार्षद अब्दुल रहमान ने बताया कि क्षेत्र में एक युवक पर हमला और लूटपाट की घटना हुई है। जहां घटना हुई, वह किस थाना क्षेत्र में आता है, इसे लेकर पुलिस असमंजस में रही, जिसके कारण कार्रवाई में विलंब हुआ। कोरबा के नगर पुलिस अधीक्षक भूषण एक्का ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी और जांच जारी है। फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटा रही है। उन्होंने कहा कि सीमा क्षेत्र को लेकर न तो कोई विवाद हुआ और न ही कार्रवाई में देरी हुई वहीं, आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।



