ब्यूरो चीफ रतन कुमार
दुर्ग। उतई थाना क्षेत्र के पुरई खेल मैदान में मिले महिला के अधजले शव की गुत्थी को पुलिस ने मात्र 24 घंटे में सुलझा लिया है। पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर का खुलासा करते हुए आरोपी विजय बांधे (24 वर्ष) निवासी करगाड़ीह को गिरफ्तार कर लिया है। प्रेम संबंध और लगातार होने वाले विवाद को हत्या की वजह बताया जा रहा है।

कैसे मिला था शव?
8 दिसंबर की सुबह कोटवार केवलदास मानिकपुरी ने सूचना दी कि पुरई–करगाड़ीह पाउवारा नहर के पास स्थित खेल मैदान में एक अज्ञात महिला का अधजला शव पड़ा है। सूचना पर एसएसपी दुर्ग, एएसपी (ग्रामीण), एसडीओपी पाटन, एफएसएल टीम, डॉग स्क्वॉड व ACCU की टीम मौके पर पहुँची। मामला चुनौतीपूर्ण ब्लाइंड मर्डर होने से पुलिस ने 6 अलग-अलग टीमें बनाकर जिले एवं सरहदी जिलों में गुमशुदगी रिपोर्ट खंगालना शुरू किया।
गुमशुदगी रिपोर्ट से मिला सुराग
तलाश के दौरान पता चला कि थाना सुपेला में 9 दिसंबर को विजय बांधे नामक युवक ने उर्मिला निषाद (30 वर्ष), निवासी गौतम नगर सुपेला की गुमशुदगी दर्ज कराई है। पुलिस ने विजय से पूछताछ की तो उसके बयान संदिग्ध लगे। मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ में उसने हत्या की वारदात कबूल कर ली।
इसलिए की हत्या
आरोपी विजय के बयान के अनुसार—
वह केटरिंग का काम करता है और उर्मिला पिछले 2–3 साल से उसके साथ काम कर रही थी।
दोनों में प्रेम संबंध थे, जबकि विजय शादीशुदा है और उसकी पत्नी गर्भवती है।
उर्मिला उससे शादी का दबाव बना रही थी और पैसों को लेकर सार्वजनिक रूप से झगड़ा करती थी।
विवादों से परेशान होकर विजय ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बना ली।
इस तरह दिया वारदात को अंजाम
7 दिसंबर की शाम 7 बजे विजय उर्मिला को यह कहकर बाइक में ले गया कि पाटन में शादी कार्यक्रम का काम है। दोनों ने रास्ते में मोमोज, चाइनीज और पकौड़े खरीदे। पुरई नहर किनारे सुनसान मैदान में पहुँचकर दोनों ने खाना खाया। फिर विवाद हुआ और विजय ने पहले से खरीदे धारदार चापर से उर्मिला के गले पर हमला किया।
उर्मिला के गिरने के बाद उसने दोबारा वार किया और पेट्रोल डालकर शव को जला दिया। आसपास रखे पैरा को इकट्ठा कर शव जलाने की कोशिश की और रात में मौके से भाग निकला।
आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से खून लगे कपड़े व अन्य साक्ष्य जब्त किए। 9 दिसंबर को उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल, गुमशुदगी रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के आधार पर इस जटिल मामले का खुलासा कम समय में किया गया। विवेचना जारी है और यदि किसी अन्य की संलिप्तता पाई जाती है तो आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




