रायपुर, रायपुर रेलवे स्टेशन में गाड़ी खड़ी करना अब पहले से काफी महंगा हो गया है। स्टेशन के पार्किंग में 2 घंटे गाड़ी खड़ी करने के लिए पहले 30 रुपए देने पड़ते थे, लेकिन अब 50 रुपए देने पड़ेंगे। इसी तरह पहले एक दिन के लिए 200 रुपए चार्ज देना पड़ता था, लेकिन अब 250 रुपए देने होंगे। इसकी सबसे बड़ी वजह है कि स्टेशन की पार्किंग का ठेका इस साल 30 लाख के बजाय एक करोड़ में गया है। टेंडर की रकम दोगुना से भी ज्यादा होने से ही पार्किंग शुल्क बढ़ा दिया गया है। स्टेशन में हर दिन 70 हजार से ज्यादा लोग आना-जाना करते हैं। इसमें बड़ी संख्या में लोग गाड़ियों से आना-जाना करते हैं। यही वजह है कि स्टेशन की पार्किंग हर समय पैक ही रहती है। नया पार्किंग शुल्क 8 जनवरी से लागू हो चुका है। रेलवे के अफसरों के अनुसार नया टेंडर तीन साल के लिए जारी किया गया है। यानी अभी लोगों को तीन साल तक बढ़ा हुआ शुल्क ही देना होगा। अचानक पार्किंग शुल्क बढ़ने की वजह से स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों को रोजाना कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। स्टेशन में अभी गाड़ी खड़ी करने को लेकर कई तरह के विवाद होते रहते हैं। स्टेशन की पार्किंग में गाड़ियां खड़ी करने के लिए शुल्क में तो बढ़ोत्तरी की गई है, लेकिन सुविधाएं कुछ भी नहीं है। टेंडर शर्तों के अनुसार पार्किंग स्थल में गाड़ियों में हवा डालने की सुविधा होनी चाहिए। इसी तरह पार्किंग स्थल पर फ्लोरिंग हो, पीने के पानी की सुविधा और शेड की सुविधा होनी चाहिए, लेकिन स्टेशन की पार्किंग में ऐसी कोई भी सुविधा नहीं है।




