ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया
बेमेतरा- – निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के अंतर्गत जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों 68-साजा, 69-बेमेतरा एवं 70-नवागढ़ में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा आज मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ साप्ताहिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में अब तक प्राप्त दावा-आपत्तियों की प्रगति की समीक्षा की गई तथा राजनीतिक दलों को दावा-आपत्ति की सूची साझा की गई।
23 दिसंबर 2025 से जारी है दावा-आपत्ति प्रक्रिया
विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के द्वितीय चरण के अंतर्गत 23 दिसंबर 2025 को निर्वाचक नामावली के प्रारंभिक प्रकाशन के उपरांत जिले के समस्त मतदान केन्द्रों में दावा एवं आपत्ति प्राप्त करने का कार्य सतत रूप से जारी है। इस प्रक्रिया की अंतिम तिथि 22 जनवरी 2026 निर्धारित है।

अब तक 4647 फार्म-6 ऑनलाईन प्राप्त
जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में नाम जोड़ने हेतु अब तक कुल 4647 फार्म-6 ऑनलाईन प्राप्त हो चुके हैं।
जिसमें विधानसभा क्षेत्र 68 साजा – 1000 फार्म, विधानसभा क्षेत्र 69 बेमेतरा – 1441 फार्म, विधानसभा क्षेत्र 70 नवागढ़ – 2206 फार्म शामिल हैं।
दावा-आपत्ति सुनवाई एवं लॉजिकल एरर निराकरण पर विस्तृत चर्चा
बैठक में विधानसभा क्षेत्र 69 बेमेतरा के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी श्री प्रकाश भारद्वाज, विधानसभा क्षेत्र 70 नवागढ़ की निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी सुश्री दिव्या पोटाई, विधानसभा क्षेत्र 68 साजा की निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी सुश्री हर्ष लता वर्मा द्वारा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत दावा-आपत्तियों की प्रक्रिया, सुनवाई की व्यवस्था एवं लॉजिकल एरर के निराकरण के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
राजनीतिक दलों को सौंपी गई दावा-आपत्ति की सूची
बैठक के दौरान मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अब तक प्राप्त दावा-आपत्तियों की सूची उपलब्ध कराई गई, ताकि वे पारदर्शिता के साथ प्रक्रिया में सहयोग कर सकें एवं योग्य मतदाताओं का नाम निर्वाचक नामावली में सुनिश्चित रूप से जोड़ा जा सके। बैठक में संबंधित सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी से आग्रह किया गया कि वे पात्र नागरिकों को समय सीमा के भीतर आवेदन करने हेतु प्रेरित करें, ताकि निर्वाचक नामावली त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाई जा सके।




