छत्तीसगढ़ के भाटापारा में इस्पात संयंत्र में क्लिनिकल फर्नेस ब्लास्ट में छह मजदूरों की मौत और पांच गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर रेफर किया गया। हादसे से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के बलौदाबाजार में इस्पात संयंत्र में गुरुवार को बड़ा हादसा हुआ। क्लिनिकल फर्नेस के दौरान ब्लास्ट होने से छह मजदूरों की मौत हो गई। वहीं पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना भाटापारा ग्रामीण थाने क्षेत्र के ग्राम बकुलाही स्थित प्लांट की है।
घायलों को सबसे पहले भाटापारा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भेजा गया। फिर प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। अफरा-तफरी मच गई।
सूचना पर पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में लगी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि तकनीकी सिस्टम फेल होने और भारी दबाव से यह हादसा हुआ। हादसे की सूचना पर बलौदाबाजार कलेक्टर दीपक सोनी समेत पुलिस बल के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। कलेक्टर सोनी और एसपी भावना गुप्ता ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि हादसे में छह लोगों की मौत हुई है और पांच घायल हुए हैं।




