आत्मविकास, स्वास्थ्य, तकनीक और सामाजिक एकता पर होंगे विशेष सत्र
ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया
थानखम्हरिया। छत्तीसगढ़ प्रदेश माहेश्वरी सभा के तत्वावधान में राजधानी रायपुर के डूंडा स्थित माहेश्वरी भवन में आगामी 23 एवं 24 मई को दो दिवसीय भव्य प्रादेशिक आयोजन ‘नवदिशा 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। इस बहुप्रतीक्षित सामाजिक एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम को लेकर माहेश्वरी समाज में अभी से उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिल रहा है। समाज के वरिष्ठजन, युवा वर्ग, महिलाएं एवं विभिन्न जिलों से जुड़े समाजबंधु आयोजन में भागीदारी को लेकर उत्साहित हैं।
प्रदेश माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष सुरेश मूंधडा ने जानकारी देते हुए बताया कि ‘नवदिशा 2026’ केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को नई दिशा देने वाला विचार मंच है। बदलते समय के अनुरूप समाज को आधुनिक तकनीक, शिक्षा, स्वास्थ्य, आत्मविकास और सामाजिक नेतृत्व के लिए तैयार करना इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है।
कार्यक्रम का शुभारंभ 23 मई, शनिवार को प्रातः 8:30 बजे होगा। प्रथम दिवस में आत्मविकास एवं व्यक्तित्व निर्माण पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान प्रसिद्ध वक्ता भरत श्रेष्ठ प्रभु द्वारा ‘सेल्फ मैनेजमेंट’ विषय पर मार्गदर्शन दिया जाएगा। वहीं प्रेरक वक्ता परीक्षित जोबनपुत्रा “जिंदगी ना मिलेगी दोबारा” विषय पर व्याख्यान देंगे, जिसमें सकारात्मक सोच और जीवन प्रबंधन के सूत्र साझा किए जाएंगे।
कार्यक्रम के पहले दिन का मुख्य आकर्षण आधुनिक तकनीक से जुड़ा विशेष सत्र भी रहेगा। इसमें सौरभ माहेश्वरी द्वारा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल तकनीक एवं साइबर सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी जाएगी। बढ़ते ऑनलाइन फ्रॉड और साइबर अपराधों के दौर में यह सत्र युवाओं एवं व्यवसायियों के लिए उपयोगी साबित होगा।
इसके अलावा अजय सोमानी एवं विजय मंत्री (मुंबई) द्वारा “बड़े काम की छोटी-छोटी बातें” और इन्वेस्टमेंट विषय पर विशेष मार्गदर्शन दिया जाएगा।
शाम को “एक शाम खुद के नाम” शीर्षक से सांस्कृतिक एवं मनोरंजक सत्र आयोजित होगा, जिसमें समाजबंधुओं को आपसी मेलजोल, संवाद, पारिवारिक समरसता और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लेने का अवसर मिलेगा।
दूसरे दिन 24 मई, रविवार को कार्यक्रम की शुरुआत जुम्बा एवं मेडिटेशन सत्र से होगी। इसके पश्चात प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. सचिन मर्दा द्वारा आरोग्य सत्र को संबोधित किया जाएगा, जिसमें स्वास्थ्य जागरूकता, जीवनशैली सुधार एवं रोगों से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी।
समापन अवसर पर कार्यक्रम में सहयोग देने वाले कार्यकर्ताओं एवं संगठनों को सम्मानित किया जाएगा। इस सत्र के मुख्य अतिथि सभापति संदीप काबरा रहेंगे।
अध्यक्ष सुरेश मूंधडा ने समाज के सभी बंधुओं, मातृशक्ति, युवाओं एवं परिवारों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं। उन्होंने विश्वास जताया कि ‘नवदिशा 2026’ माहेश्वरी समाज को नई सोच, नई ऊर्जा और नई पहचान देने वाला मील का पत्थर साबित होगा।




