ब्यूरो चीफ: अनिल सिंघानिया
थान खम्हरिया- कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कार्यालय कलेक्टर (खनिज शाखा) द्वारा 12 मई 2026 को मारो एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान खनिजों का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर रेत से भरे 01 हाईवा वाहन तथा खनिज चूनापत्थर से भरे 02 हाईवा वाहनों को जप्त किया गया। खनिज विभाग की टीम द्वारा कार्रवाई करते हुए जप्त सभी वाहनों को सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस चौकी मारो में खड़ा कराया गया है। साथ ही संबंधित वाहन संचालकों के विरुद्ध अवैध खनिज परिवहन का प्रकरण दर्ज किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त मामलों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 से 23-ख के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। तीनों प्रकरणों में कुल 1 लाख 500 रुपये की अर्थदंड राशि वसूली करते हुए प्रशमन की कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन एवं खनिज परिवहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खनिज संपदा के संरक्षण एवं शासन के राजस्व की सुरक्षा के लिए आगे भी लगातार जांच एवं कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनिज कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है।




