खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल ने खिलाड़ियों से मिलकर वितरित किए पुरस्कार
ब्यूरो चीफ: अनिल सिंघानिया
थान खम्हरिया । बेमेतरा जिले के ग्राम घुरसेना में 10 मई से 12 मई 2026 तक बेमेतरा कबड्डी प्रीमियर लीग 2026 का आयोजन उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में जिले सहित विभिन्न क्षेत्रों के खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए अपने खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित खेलो इंडिया लघु केंद्र भिम्भौरी एवं जनता हायर सेकेंडरी स्कूल के छात्र गजेंद्र यादव ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम को जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बेहतरीन रेडिंग एवं मजबूत डिफेंस के दम पर उन्हें प्रतियोगिता का “मैन ऑफ द सीरीज” चुना गया। पुरस्कार स्वरूप उन्हें रेंजर साइकिल प्रदान की गई।
गजेंद्र यादव खेलो इंडिया केंद्र में प्रशिक्षक कामता प्रसाद के मार्गदर्शन में नियमित अभ्यास कर रहे हैं। उनकी इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों एवं क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।
एम.पी. क्लब घुरसेना द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में राष्ट्रीय निर्णायक नारायण यादव सहित राज्य स्तरीय निर्णायक अंकित निर्मलकर, भानु यादव, उमेश साहू, सोनू साहू, जे.आर. रजक, धनेन्द्र, मुकेश्वर, रुपेश यादव एवं केदार वर्मा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

समापन समारोह के अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा विजेता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए। मंत्री बघेल ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं प्रतिभाओं को मंच प्रदान करती हैं और युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करती हैं।
जिला खेल अधिकारी पिंकी मनहर एवं सहायक जिला खेल अधिकारी उपेन्द्र सेंगर ने आयोजन की सफलता पर खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं आयोजकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन से क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिला तथा युवाओं में खेल भावना को नई ऊर्जा प्राप्त हुई।




