रायपुर, आमानाका थाना क्षेत्र स्थित टाटीबंध की पॉश कॉलोनी पार्थिवी पैसिफिक में दिनदहाड़े चोरी की वारदात हुई है। अज्ञात चोर सूने मकान का ताला तोड़कर करीब 5.55 लाख रुपए के जेवर और कैश लेकर फरार हो गए। जानकारी के मुताबिक, डाफोडिल ब्लॉक निवासी स्वप्नेश्वर हरिचंदन गोदावरी पावर एंड इस्पात लिमिटेड, सिलतरा में मैनेजर हैं। उनकी पत्नी और बच्चे गर्मी की छुट्टियों में ओडिशा स्थित गांव गए थे। सुबह वे घर में ताला लगाकर ड्यूटी पर गए थे। दोपहर करीब 3 बजे लौटने पर घर का मुख्य दरवाजा टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो बेडरूम में रखी गोदरेज अलमारी और लॉकर भी तोड़े गए थे। चोर घर से सोने-चांदी के जेवर और कैश लेकर फरार हो चुके थे। पीड़ित के मुताबिक, चोरी हुए सामान में सोने की अंगूठियां, मंगलसूत्र, 6 जोड़ी बालियां, बच्चे का सोने का कड़ा, लॉकेट, चूड़ियां, चांदी की पायल, बिछिया, चांदी की कटोरी-चम्मच, सिक्के और 5 हजार रुपए कैश शामिल है। सूचना मिलते ही आमानाका पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




