ब्यूरो चीफ : अनिल सिंघानिया
बेमेतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मोबाइल पाकर खिले नागरिकों के चेहरे
थानखम्हरिया, । बेमेतरा पुलिस द्वारा गुम मोबाइल फोनों की बरामदगी के लिए चलाया गया विशेष अभियान आम नागरिकों के लिए राहत और भरोसे का बड़ा उदाहरण बनकर सामने आया है। पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज अभिषेक शांडिल्य (आईपीएस) के निर्देशन तथा पुलिस उप महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू (आईपीएस) एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव के नेतृत्व में संचालित अभियान के तहत CEIR पोर्टल की सहायता से जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों से 110 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे गए।
बरामद किए गए मोबाइल फोनों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 16 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है। लंबे समय से अपने मोबाइल गुम होने से निराश नागरिकों के चेहरे मोबाइल वापस मिलने पर खुशी से खिल उठे। वितरण कार्यक्रम के दौरान अनेक लोगों ने बेमेतरा पुलिस के प्रयासों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

डीआईजी रामकृष्ण साहू ने बताया कि जिले में खोए अथवा चोरी हुए मोबाइल फोनों की शिकायतों का CEIR पोर्टल पर गहन विश्लेषण कर यह कार्रवाई की गई। साइबर नोडल अधिकारी एवं एसडीओपी बेरला विनय कुमार के मार्गदर्शन में साइबर सेल की टीम ने तकनीकी दक्षता एवं सतर्कता के साथ अभियान को सफल बनाया।
उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि मोबाइल गुम या चोरी होने की स्थिति में तत्काल नजदीकी थाना, साइबर सेल अथवा CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि मोबाइल की ट्रैकिंग कर शीघ्र बरामद किया जा सके। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल अपराध नियंत्रण नहीं, बल्कि जनता की अमानत को सुरक्षित वापस लौटाना भी है।
मोबाइल प्राप्त करने वाले कई लोगों ने बताया कि उन्होंने अपना मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद छोड़ दी थी, लेकिन पुलिस की सक्रियता और CEIR पोर्टल की मदद से उन्हें उनका मोबाइल पुनः प्राप्त हुआ। उन्होंने पुलिस विभाग के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
बेमेतरा जिले में अब तक CEIR पोर्टल के माध्यम से चलाए गए अभियानों में कुल 571 गुम मोबाइल बरामद कर लगभग एक करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति उसके वास्तविक मालिकों को लौटाई जा चुकी है।
मोबाइल वितरण कार्यक्रम में डीएसपी (मुख्यालय) राजेश कुमार झा, साइबर नोडल अधिकारी एवं एसडीओपी बेरला विनय कुमार, रीडर-1 निरीक्षक कृष्णकांत सिंह सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
अभियान की सफलता में प्रभारी साइबर सेल निरीक्षक मयंक मिश्रा, प्रधान आरक्षक मोहित चेलक, लोकेश सिंह, योगेश यादव तथा साइबर सेल एवं थाना-चौकी स्टाफ की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही।
बेमेतरा पुलिस की यह पहल तकनीक के प्रभावी उपयोग के साथ-साथ पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई है।




