रामगढ़ महोत्सव से लौट रहे सात नाबालिग किशोर सड़क हादसे का शिकार हो गए। इस दुर्घटना में एक किशोर की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हैं।
सरगुजा जिला के उदयपुर विकासखंड में रामगढ़ महोत्सव से पैदल अपने घर लौट रहे सात नाबालिग किशोर मंगलवार देर रात सड़क हादसे का शिकार हो गए। उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम डुमरडीह के समीप अंबिकापुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पीछे से आ रहे एक अज्ञात ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में सभी किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। मेडिकल कॉलेज अस्पताल, अंबिकापुर में उपचार के दौरान एक किशोर की मौत हो गई, जबकि छह अन्य का इलाज जारी है। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि सभी किशोर सड़क पर दूर-दूर जा गिरे। हादसे में किसी के सिर में गंभीर चोट आई, किसी का पैर टूट गया तो किसी के जबड़े में फ्रैक्चर हो गया। आसपास के लोगों ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को उदयपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल, अंबिकापुर रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान विकास अगरिया की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मृतक के पिता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि विकास दोस्तों के साथ रामगढ़ महोत्सव देखने गया था, लेकिन वापस नहीं लौट सका।




