Home छत्तीसगढ़ डीआईजी रामकृष्ण साहू को भावभीनी विदाई, बोले— जनसेवा ही पुलिस का सबसे...

डीआईजी रामकृष्ण साहू को भावभीनी विदाई, बोले— जनसेवा ही पुलिस का सबसे बड़ा दायित्व

7
0

 

ब्यूरो चीफ : अनिल सिंघानिया

थानखम्हरिया । बेमेतरा जिले में पदस्थ पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) रामकृष्ण साहू (आईपीएस) के पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर स्थानांतरण पर रविवार को गरिमामयी विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रशासनिक, न्यायिक एवं पुलिस अधिकारियों ने उन्हें स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

समारोह में प्रधान न्यायाधीश कुटुम न्यायालय मधुसूदन चंद्राकर, कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं, एडीजे देवेंद्र कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव, एसडीएम दिव्य पोटाई, अपर कलेक्टर प्रकाश भारद्वाज, उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) राजेश कुमार झा, एसडीओपी भूषण एक्का, विनय कुमार, डीएसपी कौशिल्या साहू, डीएसपी शशिकला उईके, रक्षित निरीक्षक प्रवीण खलखो सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी तथा पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में डीआईजी रामकृष्ण साहू ने बेमेतरा में लगभग ढाई वर्ष के कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि उन्हें वरिष्ठ अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों का निरंतर सहयोग मिला। उन्होंने कहा कि पुलिस का पहला दायित्व आमजन की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनना और उनका त्वरित निराकरण करना है। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से थाना-चौकी आने वाले प्रत्येक पीड़ित के साथ मैत्रीपूर्ण व्यवहार करने तथा जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि बेहतर पुलिसिंग, जनसंवाद और टीमवर्क के बल पर जिले में कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखा गया। उनके नेतृत्व में लोकसभा, नगरीय निकाय एवं पंचायत चुनाव शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न हुए। साथ ही गंभीर अपराधों, महिला एवं बालिका संबंधी अपराधों के त्वरित निराकरण, अवैध शराब, जुआ, सट्टा, गांजा, नशीले पदार्थों तथा साइबर अपराधों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की गई। “हमर पुलिस हमर बाजार” एवं “हमर पुलिस हमर गांव” जैसे जनजागरूकता अभियानों के माध्यम से लोगों को कानून, साइबर सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।

वक्ताओं ने डीआईजी रामकृष्ण साहू के कार्यकाल को अनुकरणीय बताते हुए उनके सरल, अनुशासित एवं जनहितैषी व्यक्तित्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में पुलिस एवं प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हुआ, जिससे जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई और जनता का पुलिस पर विश्वास बढ़ा।

समारोह में यह भी बताया गया कि बेमेतरा में सेवा के दौरान रामकृष्ण साहू को दो पदोन्नतियां प्राप्त हुईं। वे पुलिस अधीक्षक से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक तथा बाद में पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) के पद पर पदोन्नत हुए। पुलिस परिवार में आत्मीय संबंध बनाए रखने के लिए उन्होंने “जिला पुलिस परिवार बेमेतरा” व्हाट्सएप समूह की भी शुरुआत की, जिसके माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभिन्न अवसरों पर शुभकामनाएं दी जाती हैं।

विदाई समारोह में उनकी धर्मपत्नी श्रीमती श्वेता साव एवं दोनों बच्चे भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन महिला प्रधान आरक्षक वर्षा चौबे ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन डीएसपी (मुख्यालय) राजेश कुमार झा ने किया। समारोह के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने डीआईजी रामकृष्ण साहू को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए भावभीनी विदाई दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here