ब्यूरो चीफ : अनिल सिंघानिया
थान खमरिया। बेमेतरा जिले के नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल (आईपीएस) से अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन, जिला बेमेतरा के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार अनिल सिंघानिया ने सौजन्य मुलाकात की। पदभार ग्रहण करने के बाद हुई इस मुलाकात में कानून-व्यवस्था, जनसुरक्षा तथा पुलिस एवं मीडिया के बीच बेहतर समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल ने कहा कि मीडिया समाज और प्रशासन के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु की भूमिका निभाता है। आम नागरिकों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने में पत्रकारों की अहम भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि जिले में बेहतर, संवेदनशील एवं मित्रवत पुलिसिंग के लिए सभी का सहयोग आवश्यक है। पत्रकार और पुलिस एक-दूसरे के पूरक हैं तथा दोनों के समन्वय से आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं।
इस अवसर पर अनिल सिंघानिया ने विश्वास व्यक्त किया कि पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के नेतृत्व में जिले की कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी, जनसुनवाई व्यवस्था को मजबूती मिलेगी तथा अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे।
मुलाकात के अंत में अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन एवं स्वयं सहायता समूहों के सामूहिक तत्वावधान में 30 जुलाई को आयोजित होने वाले वृक्षारोपण कार्यक्रम का निमंत्रण भी पुलिस अधीक्षक को दिया गया। पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल ने कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपनी सहमति प्रदान की।




