Home छत्तीसगढ़ AIIMS रायपुर एवं अग्रवाल हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन के संयुक्त तत्वावधान में माँ भारती...

AIIMS रायपुर एवं अग्रवाल हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन के संयुक्त तत्वावधान में माँ भारती विद्यालय में 125 विद्यार्थियों को दिया गया CPR प्रशिक्षण

10
0

 

रायपुर । “जीवन अनमोल है, और किसी आपात स्थिति में समय पर दिया गया CPR किसी व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है।” इसी उद्देश्य को लेकर अग्रवाल हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन (AHO) एवं AIIMS रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में आज माँ भारती विद्यालय, गुढ़ियारी, रायपुर में CPR (Chest Compression Only) Training Camp का सफल आयोजन किया गया।

आजकल हृदयाघात अथवा Cardiac Arrest के कारण चलते-फिरते, व्यायाम करते अथवा सामान्य गतिविधियों के दौरान लोगों के अचानक गिरने की घटनाएँ लगातार बढ़ रही हैं। ऐसी स्थिति में यदि तत्काल सही तकनीक से CPR (Chest Compression) प्रारंभ कर दिया जाए, तो पीड़ित की जान बचाई जा सकती है। अस्पताल पहुँचने तक प्रतीक्षा करना कई बार देर साबित होता है। इसी कारण आमजन, विशेषकर विद्यार्थियों को CPR का व्यावहारिक प्रशिक्षण देना समय की आवश्यकता है।

 

इसी सोच को साकार करते हुए IMA रायपुर के पूर्व अध्यक्ष एवं अग्रवाल हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. विकास कुमार अग्रवाल की पहल पर तथा AIIMS रायपुर के सहयोग से विद्यालयों में CPR प्रशिक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत अब तक 400 से अधिक विद्यार्थियों को प्रशिक्षित किया जा चुका है। इसी श्रृंखला में आज आयोजित प्रशिक्षण शिविर में 125 विद्यार्थियों को CPR की संपूर्ण प्रक्रिया समझाई गई तथा प्रत्येक विद्यार्थी को Manikin (प्रशिक्षण पुतले) पर व्यक्तिगत रूप से अभ्यास कराया गया। विद्यालय के शिक्षकों एवं स्टाफ ने भी उत्साहपूर्वक प्रशिक्षण में भाग लिया।

 

कार्यक्रम में विद्यालय के डायरेक्टर श्री बसंत अग्रवाल एवं प्राचार्या सुश्री मोना रोचलानी विशेष रूप से उपस्थित रहे और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

प्रशिक्षण का संचालन AIIMS रायपुर की प्रोफेसर एवं “AHA–AIIMS Raipur Community HOCPR Training Programme” की Project Lead डॉ. जयश्री घाटे, प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर सुश्री आर्ची साहू, डॉ. शिवम् चौहान, डॉ. जया कृष्ण टी.जे. तथा AHO के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. विकास कुमार अग्रवाल ने किया।

प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को हार्ट अटैक एवं कार्डियक अरेस्ट के बीच का अंतर, CPR कब और कैसे देना चाहिए तथा Chest Compression की सही तकनीक के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। वीडियो प्रस्तुति एवं व्यावहारिक प्रदर्शन के माध्यम से बच्चों को जीवनरक्षक तकनीकों से परिचित कराया गया।

कार्यक्रम में AIIMS रायपुर के अस्थिरोग विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. आलोकचंद्र अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति ने विद्यार्थियों का विशेष उत्साहवर्धन किया। उन्होंने हड्डियों की देखभाल, दुर्घटना अथवा अत्यधिक रक्तस्राव की स्थिति में प्राथमिक उपचार एवं रक्तस्त्राव रोकने के प्रभावी उपायों की जानकारी दी।

इस अवसर पर डॉ. दुष्यंत चौहान, डॉ. शिवम् चौहान, डॉ. दर्शन टेमकर, डॉ. जगप्रीत सिंह, डॉ. हर्षल सकाले एवं डॉ. पुनीत गौरव सहित AIIMS रायपुर की टीम ने भी विद्यार्थियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन पर माँ भारती विद्यालय के डायरेक्टर श्री बसंत अग्रवाल एवं प्राचार्या सुश्री मोना रोचलानी ने AIIMS रायपुर तथा अग्रवाल हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण विद्यार्थियों को आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन बचाने योग्य बनाते हैं और समाज में जागरूकता बढ़ाने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

डॉ विकास अग्रवाल अध्यक्ष, अग्रवाल हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here