Home छत्तीसगढ़ दवाई और किताबों की कमी पर छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना का मोर्चा

दवाई और किताबों की कमी पर छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना का मोर्चा

3
0

 

स्वास्थ्य केन्द्रों में निशुल्क दवाइयां और स्कूलों में पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराने की मांग, अधिकारियों को सौंपा आवेदन

ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया

थानखम्हरिया:- आम जनता और विद्यार्थियों से जुड़ी बुनियादी समस्याओं को लेकर छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना साजा ने गुरुवार को मोर्चा खोलते हुए विभिन्न विभागों के अधिकारियों से मुलाकात की। संगठन के अध्यक्ष श्रवण कुमार साहू के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों को समस्याओं से अवगत कराते हुए उनके शीघ्र निराकरण की मांग की।

अस्पताल में दवाई नहीं, गरीब मरीज निजी मेडिकल पर निर्भर

छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना ने साजा क्षेत्र के स्वास्थ्य केन्द्रों में निशुल्क दवाइयों की अनुपलब्धता का मुद्दा खण्ड चिकित्सा अधिकारी के समक्ष प्रमुखता से उठाया। संगठन ने कहा कि शासकीय स्वास्थ्य केन्द्रों में जरूरी दवाइयां उपलब्ध नहीं होने के कारण गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों को मजबूरी में निजी मेडिकल दुकानों से दवाइयां खरीदनी पड़ रही हैं।

संगठन ने स्वास्थ्य केन्द्रों में आवश्यक दवाइयों की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की। इस पर खण्ड चिकित्सा अधिकारी ने जल्द ही आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

त्रैमासिक परीक्षा सिर पर, स्कूलों में किताबों की कमी

इसके बाद संगठन ने क्षेत्र के शासकीय एवं निजी विद्यालयों में पाठ्यपुस्तकों की कमी को लेकर खण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचकर लिखित आवेदन सौंपा।

संगठन ने कहा कि त्रैमासिक परीक्षा नजदीक है, लेकिन कई विद्यार्थियों को अभी तक आवश्यक पुस्तकें उपलब्ध नहीं हो पाई हैं। पुस्तक के अभाव में विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, जो शिक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

इस पर बीईओ पात्रा ने पुस्तक डिपो एवं पुस्तक निगम को डिमांड भेजकर जल्द से जल्द आवश्यक पुस्तकें उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

एसडीएम का किया स्वागत, छत्तीसगढ़ महतारी की तस्वीर भेंट

छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना के प्रतिनिधिमंडल ने साजा के नवनियुक्त एसडीएम कृष्ण कुमार साहू से सौजन्य मुलाकात कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान संगठन की ओर से उन्हें छत्तीसगढ़ महतारी की तस्वीर भेंट की गई।

संगठन ने आगामी 16 अगस्त को आयोजित होने वाले ‘जबर हरेली भिलाई’ कार्यक्रम में शामिल होने के लिए एसडीएम को ससम्मान न्योता भी दिया।

थाना साजा पहुंचकर पुलिस स्टाफ को भी दिया न्योता

इसके पश्चात संगठन के पदाधिकारियों ने थाना साजा पहुंचकर थाना प्रभारी सहित पुलिस विभाग के समस्त स्टाफ को भी जबर हरेली भिलाई में शामिल होने का निमंत्रण दिया।

संगठन ने कहा कि हरेली छत्तीसगढ़ की माटी, संस्कृति और परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है, जिसे जनभागीदारी और छत्तीसगढ़िया गौरव के साथ मनाने का प्रयास किया जा रहा है।

जनता के मुद्दों पर आवाज उठाना ही संगठन की प्राथमिकता-श्रवण साहू

छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना साजा के अध्यक्ष श्रवण कुमार साहू ने कहा कि संगठन क्षेत्र की जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार आवाज उठाता रहेगा। स्वास्थ्य केन्द्रों में दवाइयों की उपलब्धता, विद्यार्थियों को समय पर पुस्तकें मिलना तथा आम जनता से जुड़ी अन्य समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों से संवाद कर निराकरण की मांग की जाएगी।

उन्होंने कहा कि “जनता की समस्या हमारी समस्या है और उसके समाधान के लिए आवाज उठाना हमारी जिम्मेदारी है।”

इस दौरान सुनील वर्मा, संजय निर्मलकर, सूर्यकांत साहू, कमलेश साहू, ओमप्रकाश साहू, विनय साहू, तुषार वर्मा, दिनेश यादव, छन्नुराम साहू सहित बड़ी संख्या में सेनानी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here