ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया
थानखम्हरिया। सरस्वती शिक्षा संस्थान की योजनानुसार वंदेमातरम् गायन के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 25 सितंबर को स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर में सामूहिक वंदेमातरम् गायन का आयोजन किया जाएगा। इसमें विद्यालय के भैया-बहिन, आचार्यगण, प्रबंधकारिणी समिति के सदस्य, अभिभावकगण एवं नगर के नागरिक बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
आयोजन को भव्य एवं सफल बनाने तथा तैयारियों को लेकर सरस्वती शिशु मंदिर थानखम्हरिया में सरस्वती शिशु मंदिर एवं ग्राम भारती के प्रधानाचार्यों की जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में सेवानिवृत्त जिला शिक्षा अधिकारी आशुतोष चावरे, राघवेंद्र मिश्रा एवं विभाग समन्वयक हरिश्चंद्र साहू ने मार्गदर्शन प्रदान किया।
वंदेमातरम् गायन विषय पर सारगर्भित विचार रखते हुए आशुतोष चावरे ने सामूहिक गायन के निर्धारित समय, गायन की अवधि, लय एवं नागरिकों की सहभागिता सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आयोजन में अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए इसे गरिमापूर्ण एवं यादगार बनाया जाए।
बैठक के दौरान विद्यालय के उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम पर भी विशेष जोर दिया गया। भैया-बहिनों के शैक्षणिक विकास के लिए उनसे सतत संपर्क बनाए रखने तथा शिक्षा के स्तर को और बेहतर करने पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम में विद्यालय के अध्यक्ष पुरुषोत्तम अग्रवाल, उपाध्यक्ष सुरेश सिंघानिया, व्यवस्थापक राकेश जोशी, सह व्यवस्थापक पुरुषोत्तम सिंघनिया, देवानंद त्रिपाठी, प्राचार्य लखन लाल साहू सहित ग्राम भारती के प्रधानाचार्य उपस्थित रहे। बैठक का समापन शांति मंत्र के साथ किया गया।




