Home छत्तीसगढ़ परिवहन मंत्री से बस संचालकों की महत्वपूर्ण मुलाकात, प्रमुख मांगों पर बनी...

परिवहन मंत्री से बस संचालकों की महत्वपूर्ण मुलाकात, प्रमुख मांगों पर बनी सहमति

4
0

 

1.75 प्रति किलोमीटर किराया वृद्धि और सिंगल स्लीपर-सिंगल टैक्स का प्रस्ताव कैबिनेट में रखने पर सहमति, 22 सितंबर से प्रस्तावित बसों की महाबंद स्थगित

ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया

थान खम्हरिया,  छत्तीसगढ़ यातायात महासंघ (बस ऑपरेटर यूनियन) के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश की बस परिवहन व्यवस्था से जुड़ी 9 सूत्रीय मांगों को लेकर परिवहन मंत्री श्री केदार कश्यप से महत्वपूर्ण मुलाकात की। बैठक में यात्री बस किराया वृद्धि तथा स्लीपर बसों में सिंगल स्लीपर-सिंगल टैक्स सहित विभिन्न मांगों पर सकारात्मक चर्चा हुई।

बैठक में परिवहन मंत्री ने ₹1.75 प्रति किलोमीटर यात्री बस किराया वृद्धि के प्रस्ताव पर सहमति व्यक्त की। साथ ही स्लीपर बसों में सिंगल स्लीपर-सिंगल टैक्स की मांग को भी स्वीकार करते हुए दोनों प्रमुख मांगों को आगामी कैबिनेट बैठक में रखने पर सहमति प्रदान की।

महासंघ की शेष मांगों के संबंध में परिवहन मंत्री ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करते हुए समस्याओं के समाधान के लिए निर्देशित किया। मंत्री के सकारात्मक रुख के बाद प्रदेशभर के बस संचालकों में खुशी का माहौल है।

22 सितंबर से प्रस्तावित महाबंद स्थगित

प्रमुख मांगों पर सरकार की सकारात्मक पहल और आगामी कैबिनेट बैठक में निर्णय लिए जाने के आश्वासन के बाद छत्तीसगढ़ यातायात महासंघ ने 22 सितंबर 2026 से प्रस्तावित बसों की महाबंद को स्थगित कर दिया है। महासंघ ने कहा कि यह निर्णय यात्रियों की सुविधा और सरकार के साथ सकारात्मक संवाद को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

इस महत्वपूर्ण मुलाकात में प्रदेश अध्यक्ष सैय्यद अनवर अली, प्रमुख सलाहकार शिवेश सिंह, महासचिव खेमराज साहू, अमरजीत चहल, उपाध्यक्ष शिवरतन गुप्ता, सिकंदर सिंह सेखों, लोकेश्वर सिंह राजपूत, धन्नू, ललित लोधी, अकरम खान, अमित शर्मा, सुमित ताम्रकार, जावेद खान, शकुर मोहम्मद, अजय गौंड, महावीर गुप्ता, मोहन कसार, नरेश यादव, मानक ठाकुर, नसीम अली सहित प्रदेश के प्रत्येक जिले से आए 50 से अधिक बस संचालक उपस्थित रहे।

महासंघ ने परिवहन मंत्री श्री केदार कश्यप के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि आगामी कैबिनेट बैठक में दोनों प्रमुख मांगों पर शीघ्र निर्णय होगा तथा शेष मांगों पर भी विभागीय स्तर पर सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here