Home छत्तीसगढ़ अबूझमाड़-ओरछा में सेवा संकल्प अभियान में वन मंत्री श्री केदार कश्यप हुए...

अबूझमाड़-ओरछा में सेवा संकल्प अभियान में वन मंत्री श्री केदार कश्यप हुए शामिल

3
0

 

आवासीय विद्यालयों में विद्यार्थियों से किया संवाद, बच्चों की रचनात्मकता को सराहा

रायपुर,  वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप आज अबूझमाड़ के ओरछा क्षेत्र में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हुए। उन्होंने क्षेत्र के आवासीय विद्यालयों का भ्रमण कर विद्यार्थियों से संवाद किया तथा शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाओं की जानकारी ली और उनसे पढ़ाई तथा विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में चर्चा की।

चित्र प्रदर्शनी में दिखी बच्चों की रचनात्मकता

श्री कश्यप ने पीएमश्री पोटाकेबिन आवासीय विद्यालय, ओरछा में विद्यार्थियों द्वारा तैयार चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों की रचनात्मकता की सराहना की और उन्हें चॉकलेट वितरित की। वन मंत्री ने कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, ओरछा में भी छात्राओं द्वारा लगाई गई चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में नारी शक्ति, सेना का शौर्य, विकसित भारत, डिजिटल इंडिया तथा नक्सलवाद के विरुद्ध भारत जैसे विषयों को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। श्री कश्यप ने छात्राओं की जागरूकता, कल्पनाशीलता और प्रतिभा की सराहना की।

वन मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ समाज और राष्ट्र के प्रति जागरूक होने का अवसर प्रदान कर रहा है। उन्होंने 5 नवम्बर को अपने जन्मदिन के अवसर पर कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, ओरछा के बच्चों के लिए अपनी ओर से ‘न्योता भोज’ आयोजित कराने की घोषणा की।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज के अध्यक्ष श्री रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नारायण मरकाम, जनपद अध्यक्ष श्री नरेश कोर्राम, उपाध्यक्ष श्री मगडू राम नूरेटी, सीईओ जिला पंचायत सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here