आज के विद्यार्थी ही कल के नेतृत्वकर्ता : राजेश ठाकुर
थानखम्हरिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक देशभर में सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में नगर के स्वामी आत्मानंद विद्यालय में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा जिला महामंत्री राजेश ठाकुर, एल्डरमैन अनिल सिंघानिया तथा प्रभारी प्राचार्य मनीष चौबे सहित विद्यालय परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं तिलक लगाकर स्वागत किया गया।
सेवा संकल्प अभियान के तहत विद्यार्थियों के लिए भाषण, चित्रकला, ड्राइंग एवं रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी कला, रचनात्मक सोच एवं प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने रंगों और चित्रों के माध्यम से देश की प्रगति, आत्मनिर्भरता, शिक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, विज्ञान एवं तकनीक सहित विभिन्न विषयों को अभिव्यक्त किया।

जिला महामंत्री राजेश ठाकुर एवं एल्डरमैन अनिल सिंघानिया ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई कलाकृतियों का अवलोकन कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर राजेश ठाकुर ने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के नेतृत्वकर्ता हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं शासनकाल के दौरान आवास, शौचालय निर्माण, गरीब कल्याण, डिजिटल क्रांति तथा देश के विकास से जुड़े विभिन्न कार्यों की जानकारी विद्यार्थियों को दी। उन्होंने कहा कि डिजिटल भुगतान के विस्तार से लेनदेन को सरल और तेज बनाने में मदद मिली है। उन्होंने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य का भी उल्लेख किया।
एल्डरमैन अनिल सिंघानिया ने कहा कि पढ़ाई के साथ विद्यार्थियों को अपनी रुचि और प्रतिभा को आगे बढ़ाने के पर्याप्त अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा पहचानकर उन्हें प्रोत्साहित करना शिक्षक एवं विद्यालय की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में प्राचार्य सुषमा खंडेलवाल, प्रभारी प्राचार्य मनीष चौबे, श्रेयांश शर्मा, नारायण लाल साहू, सीमा टंडन, रंजना मंडे, दीपांकर सर, ईश्वर देवांगन सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




