Home छत्तीसगढ़ अग्रसेन जयंती पर छत्तीसगढ़ में रहेगा शासकीय अवकाश

अग्रसेन जयंती पर छत्तीसगढ़ में रहेगा शासकीय अवकाश

21
0

 

अंबिकापुर में आयोजित “अग्र महाकुंभ 2026” के मंच से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने की ऐतिहासिक घोषणा

समाज की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी; अग्रवाल समाज ने करतल ध्वनि से किया स्वागत

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन द्वारा श्री अग्रवाल सभा अंबिकापुर एवं सरगुजा संभागीय अग्रवाल महासभा के आतिथ्य में आयोजित भव्य “अग्र महाकुंभ 2026—सेवा, शक्ति और सामर्थ्य का संगम” के उद्घाटन सत्र में प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने अग्रवाल समाज को ऐतिहासिक सौगात प्रदान की। मुख्यमंत्री ने समाज के आराध्य भगवान श्री अग्रसेन जी की जयंती पर छत्तीसगढ़ में शासकीय अवकाश घोषित करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री की इस घोषणा से पूरा सभागार हर्ष और उत्साह से गूंज उठा। प्रदेशभर से आए अग्रवाल समाज के हजारों प्रतिनिधियों ने करतल ध्वनि के साथ मुख्यमंत्री का अभिनंदन करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।

मुख्य अतिथि की आसंदी से मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि अग्रवाल समाज ने सदैव सेवा, सहयोग, समानता, सामाजिक समरसता और उद्यमिता के आदर्शों को आत्मसात करते हुए प्रदेश एवं राष्ट्र के विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया है। भगवान श्री अग्रसेन जी के महान सिद्धांत आज भी समाज को परस्पर सहयोग, मानवता और अंत्योदय की प्रेरणा प्रदान करते हैं। इन्हीं आदर्शों तथा अग्रवाल समाज की भावनाओं का सम्मान करते हुए अब प्रत्येक वर्ष अग्रसेन जयंती पर छत्तीसगढ़ में शासकीय अवकाश रहेगा।

समाज की बहुप्रतीक्षित मांग हुई पूरी—डॉ. अशोक अग्रवाल

छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल ने मुख्यमंत्री की घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि यह पूरे अग्रवाल समाज के लिए ऐतिहासिक, गौरवपूर्ण एवं भावनात्मक क्षण है। अग्रसेन जयंती पर शासकीय अवकाश समाज की लंबे समय से चली आ रही बहुप्रतीक्षित मांग थी, जिसे मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने पूरा कर समाज का हृदय जीत लिया है।

उन्होंने कहा, “माननीय मुख्यमंत्री जी ने अग्र महाकुंभ में पधारकर न केवल आयोजन की गरिमा बढ़ाई, बल्कि भगवान श्री अग्रसेन जी के आदर्शों और अग्रवाल समाज के सामाजिक योगदान को सम्मान देते हुए यह ऐतिहासिक घोषणा की। छत्तीसगढ़ का संपूर्ण अग्रवाल समाज मुख्यमंत्री जी एवं राज्य शासन का हृदय से अभिनंदन और आभार व्यक्त करता है।”

मुख्यमंत्री की घोषणा से समाज में हर्ष की लहर

श्री अग्रवाल सभा अंबिकापुर के अध्यक्ष श्री संजय मित्तल एवं सरगुजा संभागीय अग्रवाल महासभा के अध्यक्ष श्री पवन अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री का अग्र महाकुंभ में आगमन और अग्रसेन जयंती पर शासकीय अवकाश की घोषणा पूरे समाज के लिए अविस्मरणीय उपलब्धि है। इस निर्णय से छत्तीसगढ़ के अग्रवाल समाज में हर्ष और उत्साह की लहर है।

उन्होंने कहा कि राज्य शासन की यह घोषणा अग्रवाल समाज के सेवा कार्यों, समर्पण, उद्यमशीलता एवं प्रदेश के विकास में निभाई जा रही महत्वपूर्ण भूमिका के प्रति सम्मान की भावना को प्रदर्शित करती है। इससे नई पीढ़ी को भगवान श्री अग्रसेन जी के जीवन-दर्शन, सिद्धांतों एवं महान सामाजिक योगदान को जानने और उनसे जुड़ने की प्रेरणा मिलेगी।

गरिमामयी उपस्थिति में हुई ऐतिहासिक घोषणा

अग्र महाकुंभ के उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री कुलभूषण मित्तल ने की। कार्यक्रम के संरक्षक छत्तीसगढ़ शासन के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल रहे।

इस ऐतिहासिक अवसर पर छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष श्री गौरीशंकर अग्रवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री अमर अग्रवाल, बसना विधायक श्री संपत अग्रवाल, अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के राष्ट्रीय संरक्षक श्री सियाराम अग्रवाल, राष्ट्रीय एवं प्रांतीय पदाधिकारी, विभिन्न अग्रवाल सभाओं के प्रतिनिधि तथा प्रदेशभर से पधारे हजारों समाजबंधु उपस्थित रहे।

छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के प्रांतीय महामंत्री श्री संजय अग्रवाल, प्रांतीय उपाध्यक्ष श्री नंदकिशोर ‘नंदू’ अग्रवाल, सरगुजा संभागीय अग्रवाल महासभा के महामंत्री श्री सुनील ‘बॉबी’ अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री सुभाष गोयल,, कार्यक्रम संयोजक श्री कन्हैयालाल अग्रवाल, सुनील अग्रवाल बॉबी सहित छत्तीसगढ़ की 62 अग्रवाल सभा से आए हुए पदाधिकारी गण नेसभी पदाधिकारियों एवं आयोजन समिति के सदस्यों ने मुख्यमंत्री की घोषणा का स्वागत करते हुए राज्य शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि भगवान श्री अग्रसेन जी केवल अग्रवाल समाज के आराध्य ही नहीं, बल्कि सेवा, समानता, अहिंसा, परस्पर सहयोग, सामाजिक न्याय और समरसता की महान परंपरा के प्रतीक हैं। उनकी जयंती पर शासकीय अवकाश की घोषणा उनके आदर्शों एवं राष्ट्र निर्माण में अग्रवाल समाज के योगदान के प्रति राज्य शासन के सम्मान की अभिव्यक्ति है।

अग्र महाकुंभ में उपस्थित समस्त समाजजनों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का करतल ध्वनि से अभिनंदन करते हुए इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here