वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से राष्ट्रभक्ति के भाव से गूंज उठा विद्यालय परिसर
ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया
थान खम्हरिया। राष्ट्रगीत वंदे मातरम् की रचना के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 25 सितंबर को नमामि भारतम् महाअभियान के तहत स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर में सामूहिक वंदे मातरम् गायन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम सुबह 11 बजे उत्साह एवं राष्ट्रभक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ। विद्यालय के विद्यार्थियों, आचार्यों, अभिभावकों, गणमान्य नागरिकों एवं मातृशक्ति ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मातृभूमि के प्रति सम्मान, राष्ट्रप्रेम तथा राष्ट्रीय एकता की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना रहा। कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष पंडित ओमप्रकाश जोशी मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनीता अग्रवाल ने की। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के महत्व तथा राष्ट्रप्रेम की भावना को जीवन में आत्मसात करने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में सरस्वती शिशु मंदिर के अध्यक्ष पुरुषोत्तम अग्रवाल, पत्रकार अनिल सिंघानिया, व्यवस्थापक राकेश जोशी, सुरेश सिंघानिया, सरिता जैन एवं डॉ. आर.पी. शर्मा सहित अन्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ हुआ। इसके पश्चात उपस्थित सभी लोगों ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया। एक साथ एक स्वर में हुए सामूहिक गायन से पूरा विद्यालय परिसर राष्ट्रभक्ति के भाव से ओतप्रोत हो उठा।
मुख्य वक्ता पंडित ओमप्रकाश जोशी ने कहा कि देश को स्वतंत्रता अनेक देशभक्तों के संघर्ष, त्याग और बलिदान से मिली। उन्होंने महात्मा गांधी, बाल गंगाधर तिलक, लाला लाजपत राय, चंद्रशेखर आजाद, सुभाष चंद्र बोस एवं सरदार वल्लभभाई पटेल जैसे महान देशभक्तों के योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम एवं भारतीय संस्कृति के प्रति गौरव की भावना को मजबूत करते हैं।
उन्होंने वंदे मातरम् के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह गीत भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान जन-जन में राष्ट्रीय चेतना जागृत करने का महत्वपूर्ण माध्यम बना। उन्होंने विद्यार्थियों से देश की गौरवशाली परंपराओं को समझने तथा राष्ट्रहित में अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के आचार्यों एवं विद्यार्थियों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुरुषोत्तम अग्रवाल द्वारा राष्ट्रभक्ति गीत की प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम का सफल संचालन प्राचार्य लखन लाल साहू ने किया। अंत में व्यवस्थापक राकेश जोशी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनसमुदाय के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर पुरुषोत्तम सिंघानिया, जिला महामंत्री राजेश ठाकुर, रेखा शर्मा, दौलतनाथ योगी, आदर्श जोशी, दीपक बंसल, प्रतीक सिंघानिया, निखिल अग्रवाल, नीका सिंघानिया, रीना सिंघानिया, पिंकी अग्रवाल, एकता मुरारका, मोनिका सिंघानिया सहित विद्यालय परिवार एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।




