कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं के मार्गदर्शन में मतदाता सूची अद्यतन करने का विशेष अभियान शुरू, 18 वर्ष से अधिक उम्र के युवाओं को मतदान से जोड़ने की पहल
ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया
थान खम्हरिया, भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार बेमेतरा जिले में मतदाता सूची को अधिक सटीक, समावेशी और अद्यतन बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सुश्री दिव्या पोटाई ने बताया कि कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं के मार्गदर्शन में जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों—बेमेतरा, साजा, बेरला और नवागढ़ में यह अभियान तेजी से संचालित किया जा रहा है।

युवाओं पर विशेष फोकस
इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य उन पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ना है, जो किसी कारणवश अब तक पंजीकरण से वंचित रह गए हैं। विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है, ताकि पहली बार मतदाता बनने वाले युवा अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।
घर-घर जाकर होगा सत्यापन
कलेक्टर के निर्देश पर जिले के सभी बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर सर्वेक्षण किया जा रहा है। इस दौरान मतदाता सूची का सत्यापन करने के साथ पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी।
पुरानी और नई सूची का मिलान: SIR-2026 से पूर्व की मतदाता सूची में नाम होने के बावजूद वर्तमान सूची से नाम विलोपित होने वाले मतदाताओं की पहचान कर नियमानुसार पुनः पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
फॉर्म-6 भरने की सुविधा: सर्वेक्षण के दौरान पात्र पाए जाने वाले नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भरने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
विशेष शिविरों का आयोजन: सभी मतदान केंद्रों पर शिविर आयोजित करने के साथ शैक्षणिक संस्थानों में स्वीप (SVEEP) गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को जागरूक किया जा रहा है। उन्हें मतदाता पंजीकरण के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि कोई भी पात्र युवा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने कलेक्टर ने की अपील
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने जिले के सभी युवाओं से अपील की है कि जिनकी आयु 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, वे आगे आकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जुड़वाएं और लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
उन्होंने अभियान के महत्व पर जोर देते हुए पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में अपने नाम की जांच करने तथा आवश्यक होने पर पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है। यह अभियान अक्टूबर माह में पूर्ण किया जाना है।




