क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की, मंदिर समिति ने किया आत्मीय स्वागत
ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया
थान खम्हरिया। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर समीपस्थ ग्राम करमू स्थित चंडी मंदिर में सांसद विजय बघेल एवं साजा विधायक ईश्वर साहू ने पहुंचकर मां चंडी के दर्शन किए। इस दौरान जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने माता रानी की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं जनकल्याण की कामना की। मंदिर समिति की ओर से सांसद विजय बघेल एवं विधायक ईश्वर साहू का दुपट्टा पहनाकर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया।

इस अवसर पर सांसद विजय बघेल ने कहा कि नवरात्रि के पावन अवसर पर चंडी धाम मंदिर में माता के दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। यह सब मां की कृपा है। उन्होंने आत्मीय सम्मान के लिए मंदिर समिति एवं ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
सांसद बघेल ने कहा कि भारतीय सनातन धर्म की परंपरा में मां दुर्गा की उपासना का प्राचीन काल से ही अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान रहा है। मां दुर्गा चराचर जगत की आदिशक्ति हैं, जिनके अनंत स्वरूप सृष्टि के संचालन और लोक कल्याण से जुड़े हैं। नवरात्रि का यह पावन पर्व हमें शक्ति की साधना, संयम, सेवा और लोक कल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। मां दुर्गा की आराधना से समाज में सकारात्मक ऊर्जा, सद्भाव और जनसेवा की भावना का संचार होता है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत प्रतिनिधि गोविंद पटेल, परमेश्वर वर्मा, जिला महामंत्री राजेश ठाकुर, नगर पंचायत एल्डरमैन अनिल सिंघानिया, मंडल प्रभारी बलराम पटेल, मंडल अध्यक्ष केशव पटेल, लोकनाथ पटेल, थनेश्वर पटेल, गोवर्धन पटेल, तोशुराम वर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, श्रद्धालु एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।




