Home छत्तीसगढ़ महाष्टमी पर मंदिरों और दुर्गा पंडालों में हवन-पूजन, कन्या भोज का आयोजन

महाष्टमी पर मंदिरों और दुर्गा पंडालों में हवन-पूजन, कन्या भोज का आयोजन

3
0

 

मंत्रोच्चार और पूर्णाहुति के साथ संपन्न हुए धार्मिक अनुष्ठान, हवन की सुगंध से भक्तिमय हुआ नगर

ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया

थान खम्हरिया। महाष्टमी के पावन अवसर पर नगर थान खम्हरिया सहित ग्रामीण अंचलों के मंदिरों और दुर्गा पूजा पंडालों में श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ हवन-पूजन किया गया। सुबह से ही मंदिरों और पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की आवाजाही लगी रही। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की गई। नगर के अधिकांश मंदिरों और दुर्गा पंडालों में दोपहर 4 बजे के बाद हवन प्रारंभ हुआ, जो दो से तीन घंटे तक चला। धार्मिक अनुष्ठानों का समापन पूर्णाहुति के साथ हुआ।

महाष्टमी के अवसर पर शीतला मंदिर में शिवेंद्र बिंदल एवं उनकी पत्नी प्रीति बिंदल ने अपने सुपुत्र कान्हा बिंदल के साथ कन्या भोज का आयोजन किया। इस दौरान कन्याओं का पूजन कर उन्हें चुनरी एवं पूजन सामग्री भेंट की गई तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया गया। श्रद्धालु अपने-अपने घरों से विभिन्न प्रकार के पकवान बनाकर लाए थे, जिन्हें कन्याओं को श्रद्धापूर्वक परोसा गया।

नगर के मारवाड़ी दुर्गा उत्सव समिति, मल्लू चौक स्थित महारानी दुर्गा उत्सव समिति, शुभ-लाभ दुर्गा उत्सव समिति, न्यू बस स्टैंड स्थित नवदुर्गा समिति, धर्मशाला स्थित नवदुर्गा उत्सव समिति तथा खेतीहर मजदूर संघ दुर्गा उत्सव समिति सहित विभिन्न पूजा पंडालों में हवन-पूजन के कार्यक्रम आयोजित किए गए। खेतीहर मजदूर संघ के दुर्गा उत्सव पंडाल में आचार्य पंडित राजेंद्र प्रसाद तिवारी ने विधि-विधान से हवन-पूजन संपन्न कराया।

वहीं, श्रद्धालुओं ने अपने घरों में भी मां दुर्गा की विशेष पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की। महाष्टमी के इस पावन अवसर पर पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। हवन की सुगंध और मंत्रोच्चार से वातावरण आध्यात्मिक हो उठा। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here