रेडीमेड रंगोली और आकर्षक सजावटी सामग्री की बढ़ी मांग, बाजारों में दिखने लगी त्योहार की रौनक
ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया
थान खम्हरिया। दीपावली का पर्व नजदीक आते ही नगर के बाजारों में त्योहार की रौनक दिखाई देने लगी है। घरों को आकर्षक ढंग से सजाने के लिए लोग रंग-बिरंगी सजावटी सामग्री, फूलों और रंगोली के नए-नए डिजाइन की खरीदारी करने बाजार पहुंच रहे हैं। दुकानों में रेडीमेड रंगोली, रंगोली पाउडर, फूलों की मालाएं और विभिन्न प्रकार की सजावटी सामग्री उपलब्ध है।

पहले दीपावली पर घरों के आंगन में लोग स्वयं रंगों से आकर्षक रंगोली बनाते थे, लेकिन अब बाजार में रेडीमेड रंगोली के कई विकल्प उपलब्ध हैं। इनकी मदद से कम समय में घरों और आंगन को सुंदर तरीके से सजाया जा सकता है। इसके बावजूद पारंपरिक रंगोली बनाने का उत्साह आज भी लोगों में बरकरार है।
दीपावली को लेकर नगर सहित ग्रामीण अंचलों में भी दुकानें सजने लगी हैं। बाजार में सजावटी फूलों, रंग-बिरंगे रंगों और आकर्षक डिजाइन वाली रंगोली की सामग्री ग्राहकों को आकर्षित कर रही है। हालांकि अभी बाजार में ग्राहकों की संख्या अपेक्षाकृत कम है और व्यापारी खरीदारी में तेजी आने का इंतजार कर रहे हैं।
व्यापारियों को उम्मीद है कि दीपावली नजदीक आने के साथ ही बाजार में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ेगी और खरीदारी में तेजी आएगी। त्योहार के अंतिम दिनों में सजावट एवं पूजन सामग्री की मांग बढ़ने से कारोबार में भी अच्छा उछाल आने की संभावना है।




