Home छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संस्कृतिकर्मी आशीष राज सिंघानिया को भेजी चिट्ठी

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संस्कृतिकर्मी आशीष राज सिंघानिया को भेजी चिट्ठी

7
0

 

‘विष्णु की पाती’ में आशीष के साहित्यिक एवं सांस्कृतिक योगदान की मुक्तकंठ से की सराहना

ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया

थान खम्हरिया। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर शहर निवासी लोकप्रिय लेखक एवं संस्कृतिकर्मी आशीष राज सिंघानिया को विशेष पत्र ‘विष्णु की पाती’ प्रेषित कर उनके कार्यों की सराहना की है। मुख्यमंत्री ने पत्र के माध्यम से राज्य स्थापना दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए आशीष राज सिंघानिया तथा उनके द्वारा स्थापित गैर-लाभकारी संस्था श्री साईनाथ फाउंडेशन के कार्यों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की है। साथ ही कला, संस्कृति, साहित्य एवं युवाओं की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया है।

गौरतलब है कि श्री साईनाथ फाउंडेशन पिछले डेढ़ दशक से शिक्षा, कला, संस्कृति, संगीत, साहित्य एवं विभिन्न मंचीय विधाओं के संवर्धन और संरक्षण के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। संस्था ने अपने आयोजनों के माध्यम से हजारों युवाओं को मंच प्रदान कर उनकी प्रतिभा को निखारने का महत्वपूर्ण कार्य किया है। राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित साहित्यिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला ने प्रदेश के छोटे-छोटे शहरों और कस्बों में भी कला एवं संस्कृति के प्रति नई जागरूकता पैदा की है। इसके सकारात्मक परिणामस्वरूप आज विभिन्न स्थानों पर लगातार छोटे-बड़े आयोजन हो रहे हैं, जिनसे युवा प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने के बेहतर अवसर मिल रहे हैं।

अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मानों से सम्मानित आशीष राज सिंघानिया स्वयं भी एक प्रतिष्ठित लेखक एवं वक्ता हैं। उन्होंने कम समय में ही अपने उच्चस्तरीय आयोजन एवं कुशल प्रबंधन की पहचान देशभर में बनाई है। यही वजह है कि उन्हें विभिन्न प्रतिष्ठित अवसरों पर वक्तव्य देने और आयोजन प्रबंधन की जिम्मेदारी निभाने के लिए आमंत्रित किया जाता है।

उनकी रचनात्मक सोच से जश्न-ए-जुबां, छत्तीसगढ़ संगीत नृत्य महोत्सव, रंग संगीत, कलमकार की खोज, जुरमिल, तिरंगा तोला नमन, रायपुर रंग महोत्सव, रंग ओ अदब, छत्तीसगढ़ रत्न सम्मान और कवितावली जैसे एक दर्जन से अधिक प्रतिष्ठित साहित्यिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों की शुरुआत हुई है। इन आयोजनों के अनेक संस्करण प्रदेशभर में निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से साहित्यकारों, कलाकारों और युवा प्रतिभाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने पत्र में आशीष के व्यक्तिगत एवं संस्थागत प्रयासों का उल्लेख करते हुए उन्हें बधाई दी और भविष्य के कार्यों के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। मुख्यमंत्री से मिले इस प्रोत्साहन पर आशीष राज सिंघानिया ने उनके प्रति आत्मीय आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश का मुखिया स्वयं आपके कार्यों को संज्ञान में लेकर उनकी सराहना करता है, तो निश्चित रूप से खुशी होती है। साथ ही इससे और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है तथा अपनी जिम्मेदारियों का एहसास भी बढ़ता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here