Home छत्तीसगढ़ दशगात्र कार्यक्रम से लौट रहे बाइक सवार दंपती हादसे का शिकार, पत्नी...

दशगात्र कार्यक्रम से लौट रहे बाइक सवार दंपती हादसे का शिकार, पत्नी की दर्दनाक मौत

38
0

 

पेट्रोल पंप के समीप अचानक बाइक से उछलकर सड़क पर गिरी महिला, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया

थान खम्हरिया। समीपस्थ ग्राम करकड़ा में दशगात्र कार्यक्रम से वापस अपने गांव लौट रहे बाइक सवार दंपती सड़क हादसे का शिकार हो गए। इस दर्दनाक हादसे में बाइक के पीछे बैठी महिला की मौत हो गई। घटना के बाद मृतका के परिजनों और गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार झिरोनी निवासी राजेंद्र गिरी अपनी पत्नी द्रोपती गोस्वामी के साथ ग्राम करकड़ा में तोखन साहू, पिता जगदेव साहू की दादी के स्वर्गवास पर आयोजित दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। बताया गया कि राजेंद्र गिरी उक्त परिवार के गुरु हैं। कार्यक्रम संपन्न होने तथा भोजन ग्रहण करने के बाद दोनों पति-पत्नी अपने गांव झिरोनी लौटने के लिए बाइक से रवाना हुए।

बताया जा रहा है कि कार्यक्रम स्थल से महज 100 मीटर की दूरी तय करने के बाद पेट्रोल पंप के समीप अचानक बाइक के पीछे बैठी द्रोपती गोस्वामी उछलकर सड़क पर मुंह के बल गिर गईं। हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। सड़क पर गिरने के बाद महिला बेहोश हो गईं।

घटना की सूचना तत्काल 112 को दी गई। सूचना मिलते ही आपातकालीन सेवा की टीम मौके पर पहुंची और महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थान खम्हरिया लाया गया। वहां डॉक्टर राहुल गुप्ता ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। महिला का शव फिलहाल अस्पताल में रखा गया है। शुक्रवार को साजा से स्वीपर के आने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जाएगी।

इस दर्दनाक हादसे से मृतका के परिजनों और झिरोनी गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here