फूड और नशे से दूर रहें, योग एवं प्राकृतिक आहार अपनाएं” — डॉ. सोनवानी ने विद्यार्थियों को किया जागरूक।
18 नवंबर दिन बुधवार को ईश्वर पब्लिक स्कूल में प्राकृतिक चिकित्सा दिवस कार्यक्रम धूमधाम से बनाया गया जिसमें
200 से अधिक छात्र-छात्राओं ने लिया भाग, योग, संतुलित आहार एवं स्वस्थ जीवनशैली का दिया गया संदेश प्राकृतिक चिकित्सा के महत्व एवं स्वस्थ जीवनशैली का दिया संदेश!
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इंटरनेशनल नेचुरोपैथी ऑर्गेनाइजेशन (INO) के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. छगनलाल सोनवानी एवं विशिष्ट अतिथि डॉ. उदयभान सिंह चौहान उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि डॉ. छगनलाल सोनवानी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में बच्चों से लेकर बड़ों तक की दैनिक दिनचर्या, खान-पान और जीवनशैली में तेजी से बदलाव आ रहा है। अनियमित दिनचर्या, जंक फूड का बढ़ता सेवन, पौष्टिक आहार की कमी तथा नशीले पदार्थों की बढ़ती प्रवृत्ति मानव स्वास्थ्य के लिए गंभीर चिंता का विषय है। इसके दुष्परिणाम कम उम्र से ही बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर दिखाई देने लगे हैं।

उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए हमें अपनी दिनचर्या में योग, प्राणायाम, प्राकृतिक चिकित्सा एवं संतुलित आहार को अपनाना चाहिए। बच्चों को बचपन से ही पौष्टिक भोजन, अच्छी आदतों और अनुशासित जीवनशैली के प्रति जागरूक करना आवश्यक है, क्योंकि स्वस्थ बच्चे ही स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र का निर्माण करते हैं।
डॉ. सोनवानी ने योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा क्या है, इसके सिद्धांतों तथा उपचार की विभिन्न विधियों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने आहार चिकित्सा की उपयोगिता को आकर्षक एवं प्रभावशाली प्रस्तुति के माध्यम से समझाया। साथ ही जंक फूड और नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों को उदाहरणों एवं प्रयोगों के माध्यम से प्रदर्शित कर विद्यार्थियों को जागरूक किया।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि डॉ. उदयभान सिंह चौहान ने प्रकृति के संरक्षण एवं संवर्धन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वच्छ पर्यावरण और प्रकृति का संरक्षण स्वस्थ जीवन का आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के संचालक श्री भूपेंद्रर सिंह ने मुख्य अतिथि डॉ. छगनलाल सोनवानी एवं विशिष्ट अतिथि डॉ. उदयभान सिंह चौहान को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया तथा कार्यक्रम में उपस्थित होकर विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण मार्गदर्शन देने के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने प्राकृतिक चिकित्सा, योग, संतुलित आहार, नशामुक्त जीवन एवं पर्यावरण संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।




