भगवान विष्णु और माता तुलसी की आराधना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की
ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया
थान खम्हरिया। नगर में देवउठनी एकादशी एवं तुलसी विवाह का पर्व श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नगर के सभी वार्डों सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों में महिलाओं एवं श्रद्धालुओं ने भगवान विष्णु और माता तुलसी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। घरों के आंगन में आकर्षक मंडप सजाकर माता तुलसी का श्रृंगार किया गया तथा धार्मिक परंपराओं के अनुसार पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई।

एकादशी के पावन अवसर पर सुबह से ही श्रद्धालुओं और मातृशक्ति में विशेष उत्साह देखने को मिला। महिलाओं ने व्रत रखकर मंदिरों में पहुंचकर भगवान विष्णु, माता दुर्गा सहित अन्य देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं ने नदी एवं जलाशयों के तट पर दीपदान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। मंदिरों में एकादशी की कथा का श्रवण भी किया गया। भगवान विष्णु के योग निद्रा से जागने के इस पावन पर्व को लेकर घरों और मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए।
इस अवसर पर महंत बसंत बिहारी दास ने देवउठनी एकादशी के धार्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि कार्तिक मास में भगवान विष्णु एवं माता लक्ष्मी की आराधना करने से सुख-समृद्धि, पापों से मुक्ति और आध्यात्मिक उन्नति प्राप्त होती है। मान्यता है कि इस एकादशी का व्रत करने से हजार अश्वमेध यज्ञ और सैकड़ों राजसूय यज्ञों के बराबर पुण्य फल प्राप्त होता है। साथ ही इस व्रत के प्रभाव से मनुष्य के पूर्व जन्मों के पापों का नाश होता है।
वहीं इस पावन पर्व पर गन्ना बेचने पहुंचे बाहरी व्यापारियों को अपेक्षाकृत कम बिक्री का सामना करना पड़ा। इस वर्ष गन्ने की बिक्री काफी कम रहने से व्यापारियों को निराशा हाथ लगी। इसके बावजूद नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में देवउठनी एकादशी का पर्व पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया तथा सभी धार्मिक अनुष्ठान विधि-विधान से संपन्न हुए।




